scorecardresearch
 

पत्नी की हत्या के बाद पेड़ से लटका मिला पति का शव, सामने आई खौफनाक सच्चाई

धौलपुर में पत्नी की हत्या के बाद फरार पति का शव पेड़ से लटका मिला. आरोपी दिनेश कुशवाह ने 15 अप्रैल की रात पत्नी मथुरा को चरित्र के शक में लाठी-डंडों और सरिया से पीटकर मार डाला था. पुलिस तलाश में जुटी थी. दो दिन बाद आरोपी शव खेत में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद तीन बच्चे बेसहारा हो गए हैं.

Advertisement
X
बेसहारा हो गए तीन मासूम बच्चे.(Photo: Umesh Mishra/ITG)
बेसहारा हो गए तीन मासूम बच्चे.(Photo: Umesh Mishra/ITG)

राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ क्षेत्र के भूरा पुरा गांव में पति-पत्नी के रिश्ते का दर्दनाक अंत सामने आया है. सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाने वाले इस दंपति की कहानी दो मौतों के साथ खत्म हो गई. 35 वर्षीय विवाहिता मथुरा की उसके पति दिनेश कुशवाह ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और फरार हो गया. घटना के बाद घर में मातम पसर गया और आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी गई.

बताया गया कि वारदात के बाद दो दिनों तक आरोपी पति का कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों और पुलिस की तलाश जारी रही. शनिवार को गांव के पास एक खेत में पेड़ से लटका दिनेश का शव मिला. माना जा रहा है कि उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. एक ही घर से उठी दो अर्थियों ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया और गांव में सन्नाटा छा गया.

यह भी पढ़ें: धौलपुर पॉक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला, दोषी को सुनाई ताउम्र कैद की सख्त सजा

पत्नी की हत्या की वारदात

जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल की रात दिनेश कुशवाह शराब के नशे में घर पहुंचा. उस समय उसके तीनों बच्चे सो रहे थे. उसने चारपाई पर सो रही पत्नी मथुरा को उठाया और चरित्र को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया. विवाद बढ़ने पर उसने लाठी-डंडों और सरिया से मथुरा की बेरहमी से पिटाई कर दी और मौके से फरार हो गया.

Advertisement

गंभीर रूप से घायल मथुरा को पुलिस ने सैपऊ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. 16 अप्रैल को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल टीम से साक्ष्य एकत्र किए. मायके पक्ष की शिकायत पर पति दिनेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और उसकी तलाश शुरू की गई.

आरोपी पति का शव पेड़ से लटका मिला

दो दिन की तलाश के बाद शनिवार को सैपऊ इलाके के रिंग रोड के पास खेत में पेड़ से लटका दिनेश का शव मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एएसआई अजय सिंह के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सैपऊ अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया.

धौलपुर

दिनेश और मथुरा की शादी वर्ष 2011 में हुई थी. शादी के कुछ साल बाद पत्नी के चरित्र को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. परिवार के अनुसार, पिछले तीन साल से दिनेश पत्नी पर शक करता था और अक्सर मारपीट करता था. पहले भी दोनों परिवारों ने समझाइश कर मामला शांत कराया था.

पीछे छूट गए तीन मासूम बच्चे

घटना के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है. दोनों की मौत के बाद उनके दो बेटे श्रीकांत और शिवम तथा बेटी प्राची बेसहारा हो गए हैं. बच्चों ने बताया कि वे अब अपने मामा के यहां रह रहे हैं. पुलिस ने झोपड़ीनुमा घर से खून के निशान, टूटी चूड़ियां, लाठी-डंडा, सरिया और एक कंबल बरामद किया है.

Advertisement

मृतक दिनेश के पिता ने बताया कि उनके बेटे ने पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली. पुलिस मामले में पोस्टमार्टम और पंचायतनामा की कार्रवाई कर आगे की जांच कर रही है. गांव में इस घटना ने गहरा दुख और सन्नाटा छोड़ दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement