जयपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से गुरुवार को एक बेहद असहज करने वाली तस्वीर सामने आई. यहां केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी, लेकिन इस दौरान बार-बार बिजली गुल होते रही.
दरअसल, गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव मीडिया के सामने मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और कामकाज का लेखा-जोखा पेश कर रहे थे. इस दौरान कुल मिलाकर लगभग 13 मिनट तक बिजली पूरी तरह कटी रही.
बिजली चले जाने के बाद भी रेल मंत्री ने अपना संबोधन नहीं रोका और कम रोशनी वाले हॉल में ही अपना भाषण जारी रखा. इस बीच, बगल में बैठे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंत्री जी के लिए टॉर्च जलाकर अपना मोबाइल फोन पकड़े रहे ताकि थोड़ी रोशनी बनी रहे.
यह भी पढ़ें: 12 साल पूरे होने के जश्न के बीच PM मोदी को आई जॉर्जिया मेलोनी की बधाई
कांग्रेस ने कसा तीखा तंज
सत्तारूढ़ भाजपा के मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए इस पावर कट ने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का एक बड़ा मौका दे दिया है. राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने इस घटना पर तीखा तंज कसा है.
टीकाराम जूली ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, "आज राजस्थान की बिजली भी अब झूठ को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है." कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिजली का इस तरह गुल होना यह साफ दर्शाता है कि भाजपा सरकार अपने कामकाज और परफॉर्मेंस को लेकर पूछे जाने वाले सवालों का जवाब देने में पूरी तरह असमर्थ है.