scorecardresearch
 

मेरे क्लिनिक में आई थी ट्विशा... जिस डॉक्टर से चला इलाज उसने आजतक से क्या बताया?

ट्विशा शर्मा मौत मामले में पहली बार उनके मनोचिकित्सक डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने आजतक से बातचीत की. उन्होंने कहा कि ट्विशा शर्मा उनके क्लिनिक में इलाज के लिए आई थीं, लेकिन डॉक्टर ने मरीज की गोपनीयता का हवाला देते हुए इलाज और दवाओं की जानकारी साझा नहीं की. डॉक्टर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर पुलिस या कोर्ट को पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि ट्विशा को काउंसलर का नंबर भी दिया गया था.

Advertisement
X
डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने आजतक से बातचीत की. Photo ITG
डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने आजतक से बातचीत की. Photo ITG

भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर आजतक के कैमरे पर पहली बार उस मनोचिकित्सक का बयान सामने आया है, जिनके यहां ट्विशा ने इलाज कराया था. डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने आजतक से विशेष बातचीत में स्वीकार किया कि ट्विशा उनके क्लिनिक में इलाज के लिए आई थीं. हालांकि उन्होंने डॉक्टर और पेशेंट की गोपनीयता का हवाला देते हुए इलाज और दवाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया.

डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने कहा, 'ट्विशा मेरे यहां ट्रीटमेंट के लिए आई थीं, लेकिन एक डॉक्टर होने के नाते मैं मरीज की निजता भंग नहीं कर सकता. इसलिए मैं यह नहीं बता सकता कि उन्होंने किस तरह का इलाज लिया और कौन सी दवाइयां उन्हें दी गईं.'

कोर्ट को देंगे जानकारी
उन्होंने कहा कि मामला बेहद संवेदनशील है और एक पेशेवर जिम्मेदारी के तहत वह मीडिया के सामने इलाज से जुड़ी जानकारी साझा नहीं कर सकते. डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस या अदालत उनसे संपर्क करती है तो वह जांच एजेंसियों को पूरा उपचार संबंधी रिकॉर्ड उपलब्ध कराएंगे.

ट्विशा को काउंसलर का नंबर दिया
डॉक्टर त्रिवेदी ने यह भी बताया कि उन्होंने ट्विशा को आगे सलाह के लिए एक काउंसलर का नंबर दिया था. उन्होंने कहा कि उनके क्लिनिक में हर मरीज को जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा जाता है ताकि आगे का उपचार बेहतर तरीके से हो सके.

Advertisement

मौजूदा लाइफ स्टाइल में तनाव के चलते मरीज आते हैं
उन्होंने कहा कि मौजूदा लाइफ स्टाइल में तनाव और मूड स्विंग जैसी समस्याएं काफी सामान्य हो चुकी हैं. डॉक्टर के मुताबिक, गर्भधारण या वैवाहिक जीवन से जुड़े तनाव को लेकर भी कई मरीज एडवाइज लेने आते हैं. हालांकि उन्होंने यह साफ किया कि वह किसी विशेष व्यक्ति या ट्विशा के मामले को लेकर विस्तार से टिप्पणी नहीं कर सकते.

डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने अंत में कहा कि वह इस संवेदनशील मामले पर इससे अधिक कुछ नहीं कह सकते. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्विशा शर्मा मौत मामले को लेकर कई तरह के दावे और आरोप सामने आ रहे हैं और जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement