scorecardresearch
 

राजस्थान: गुमशुदगी से मर्डर तक, तीन महीने बाद खुला 250 KM दूर दफन शव का राज, जानें पूरा मामला

मुरैना से एक नाबालिग लड़की को राजस्थान के दौसा ले जाकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार आरोपी प्रेमी ने तीन महीने पहले शव को रेलवे लाइन के पास जमीन में गाड़ दिया था. आरोपी की निशानदेही पर कंकाल बरामद हुआ. मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है और डीएनए जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं.

Advertisement
X
गुमशुदगी की जांच ने खोला मर्डर का राज. (Photo: Sandeep Meena/ITG)
गुमशुदगी की जांच ने खोला मर्डर का राज. (Photo: Sandeep Meena/ITG)

मध्य प्रदेश और राजस्थान से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक नाबालिग लड़की को करीब 250 किलोमीटर दूर राजस्थान के दौसा लाकर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद आरोपी ने शव को रेलवे लाइन के पास जमीन में गाड़ दिया. करीब तीन महीने तक यह वारदात दबी रही, लेकिन पुलिस की जांच आखिरकार आरोपी तक पहुंच गई. आरोपी की निशानदेही पर जमीन से शव का कंकाल बरामद किया गया. मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है और डीएनए जांच के लिए सैंपल भी भेजे गए हैं. 

यह मामला मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र के रजोता गांव का है. करीब तीन महीने पहले गांव की एक नाबालिग लड़की अचानक घर से बिना बताए चली गई थी. काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने नगरा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और लड़की के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की. जांच के दौरान गांव के ही रहने वाले बृजेश राठौड़ पर पुलिस का शक गहराता गया.  पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही थी और उसकी गतिविधियों पर भी नजर रखे हुए थी. लंबे समय तक पूछताछ के बाद आरोपी आखिरकार टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली. 

प्रेमी की शादी बनी विवाद की वजह

पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह नाबालिग लड़की को अपने साथ राजस्थान के दौसा लेकर गया था. वहां सैंथल मोड़ के पास रेलवे लाइन के नजदीक उसने उसकी हत्या कर दी और शव को जमीन में गाड़ दिया. आरोपी के इस खुलासे के बाद मध्य प्रदेश पुलिस उसे साथ लेकर दौसा पहुंची. वहां स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस की मदद से आरोपी की निशानदेही पर बताए गए स्थान की खुदाई कराई गई. जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, वहां से बदबू आने लगी. इसके बाद जमीन की खुदाई की गई तो वहां से नाबालिग का कंकाल बरामद हुआ. शव काफी समय तक जमीन में दबा रहने के कारण पूरी तरह कंकाल में बदल चुका था. इसके बाद पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया.

Advertisement

दौसा जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया. साथ ही पहचान और अन्य वैज्ञानिक जांच के लिए डीएनए सैंपल भी लिए गए हैं. पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद पहचान और अन्य तथ्यों की पुष्टि की जाएगी. पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी और नाबालिग के बीच प्रेम प्रसंग था. पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में भी आरोपी बृजेश राठौड़ नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. बाद में वह वापस आ गई थी. इस बीच आरोपी की शादी हो गई. पुलिस का कहना है कि प्रेमी की शादी से नाबालिग नाराज थी. इसी बात को लेकर दौसा में दोनों के बीच कहासुनी हुई. पुलिस के अनुसार इसी विवाद के बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और शव को जमीन में गाड़ दिया.

पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि हत्या से पहले आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था या नहीं. इस पहलू की पुष्टि मेडिकल जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.  फिलहाल पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि आरोपी पहले दौसा में मजदूरी कर चुका था. इसी कारण वह इलाके की भौगोलिक स्थिति और आसपास के स्थानों से अच्छी तरह परिचित था. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के समय आरोपी अकेला था या किसी अन्य व्यक्ति ने भी उसकी मदद की थी. मध्य प्रदेश पुलिस फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है. 

Advertisement

कंकाल बन चुका था शव, मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम

पुलिस का उद्देश्य हत्या की पूरी साजिश, वारदात की वास्तविक वजह और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका का पता लगाना है. मामले की जांच जारी है. इस पूरे मामले में नगरा थाना के उपनिरीक्षक एस. एस. चौहान ने बताया कि गुमशुदगी की जांच के दौरान आरोपी पर शक हुआ था. लगातार पूछताछ के बाद उसने हत्या की बात स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर दौसा से शव बरामद किया गया. अब पोस्टमार्टम और डीएनए जांच की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement