scorecardresearch
 

मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक में घुसी कार...बर्थडे पार्टी से लौट रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रीवा रोड स्थित NH-30 पर नादन थाना क्षेत्र के रीघरा गांव के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे पटेल परिवार की कार पीछे से एक ट्रक से टकरा गई. हादसा इतना भयावह था कि पांच लोगों की मौत हो गई.

Advertisement
X
हादसे के बाद कार के उड़े परखच्चे. (Photo: Venktesh/ITG)
हादसे के बाद कार के उड़े परखच्चे. (Photo: Venktesh/ITG)

मैहर जिले में रीवा रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. हादसा नादन थाना क्षेत्र के रीघरा गांव के पास हुआ. बताया जा रहा है कि सभी लोग जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर कार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार सामने चल रहे एक ट्रक के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई.

हादसे की सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. पुलिस के अनुसार हादसे में पटेल परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार पीछे से ट्रक में जा घुसी. हालांकि, हादसे की सटीक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है.

घटना से परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा.

Advertisement

मृतकों की पहचान अंकुर पटेल (40 वर्ष), मृदुल पटेल (32 वर्ष), विजय पटेल (30 वर्ष), हरिशंकर पटेल (25 वर्ष) और शिवा पटेल (23 वर्ष) के रूप में हुई है. इनमें से चार युवक मैहर जिले के तनाजा के रहने वाले थे, जबकि शिवा पटेल नरोरा गांव का निवासी था. हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ओम पटेल को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सतना मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement