scorecardresearch
 

अवैध संबंध बना पति की मौत की वजह, पत्नी और प्रेमी ने मिलकर मारी गोली

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सिंहोनिया में 3 मार्च को हुई लव कुश माहौर की मौत का पुलिस ने खुलासा किया है. शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन जांच में हत्या की बात सामने आई. पुलिस ने मृतक की पत्नी खुशी माहौर और उसके प्रेमी विक्रम परमार को गिरफ्तार किया है. जांच में पता चला कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और उन्होंने मिलकर लव कुश की हत्या की साजिश रची. विक्रम पीछे के रास्ते से घर में घुसा और सो रहे लव कुश को गोली मारकर फरार हो गया.

Advertisement
X
प्रेमी विक्रम परमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. Photo ITG
प्रेमी विक्रम परमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. Photo ITG

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सिंहोनिया थाना क्षेत्र में 3 मार्च को हुई लव कुश माहौर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या थी. पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी खुशी माहौर और उसके प्रेमी विक्रम परमार को गिरफ्तार कर लिया है.

उस रात की बताई कहानी
पुलिस के मुताबिक 3 मार्च की रात लव कुश माहौर की गोली लगने से मौत हो गई थी. उस समय उसकी पत्नी खुशी ने पुलिस को बताया था कि उसके पति ने खुदकुशी कर ली है. लेकिन मृतक की बहन नंदिनी ने पुलिस को अलग जानकारी दी. उसने बताया कि गोली की आवाज सुनकर जब वह जागी तो उसने पड़ोस में रहने वाले विक्रम परमार को अपने भाई के कमरे से निकलकर छत के रास्ते भागते हुए देखा था.

पुलिस जब विक्रम परमार के घर पहुंची तो वह घर में सोता हुआ मिला, इसलिए शुरू में उस पर ज्यादा शक नहीं हुआ. हालांकि नंदिनी लगातार विक्रम पर आरोप लगाती रही. वहीं खुशी के बयान भी कई जगह घटनाक्रम से मेल नहीं खा रहे थे, जिससे पुलिस का संदेह बढ़ गया.

Advertisement

व्हाट्सएप पर हुई बातचीत मिली
जांच के दौरान पुलिस ने विक्रम का मोबाइल फोन चेक किया, जिसमें खुशी और विक्रम के बीच व्हाट्सएप पर हुई बातचीत मिली. इसके बाद पुलिस ने विक्रम से सख्ती से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया.

विक्रम परमार से था प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार लव कुश की पत्नी खुशी का अपने पड़ोस में रहने वाले विक्रम परमार से प्रेम संबंध था. वह अक्सर विक्रम को रात में घर बुलाती थी. लव कुश गुजरात में काम करता था और होली के मौके पर घर आया हुआ था.

पीछे के रास्ते से घर में घुसा
पुलिस ने बताया कि 3 मार्च की रात खुशी ने ही विक्रम को कट्टा लेकर घर बुलाया था. दोनों ने पहले ही लव कुश को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी. तय योजना के अनुसार विक्रम पीछे के रास्ते से घर में घुसा और कमरे में सो रहे लव कुश को गोली मारकर फरार हो गया.

एसडीओपी विजय भदौरिया ने बताया कि जांच में स्पष्ट हो गया है कि लव कुश की हत्या उसकी पत्नी खुशी माहौर और विक्रम परमार ने मिलकर की थी. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement