मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है. टीटी नगर थाने के पास एक चलती थार की छत पर लड़का और लड़की बैठे नजर आए. जान जोखिम में डालकर किए गए इस खतरनाक सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो देर रात का है.
चलती गाड़ी की छत पर बैठकर सफर करने का यह नजारा सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है. इस तरह की लापरवाही से थार में बैठे लोगों के साथ-साथ सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी. वीडियो सामने आने के बाद यातायात नियमों के पालन और सड़क पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: भोपाल में रॉन्ग साइड को लेकर खूनी बवाल, बाइक सवारों पर चाकू से हमला कर फरार हुए 3 आरोपी
देखें वीडियो...
वायरल वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर यातायात पुलिस के उपायुक्त बसंत कोल ने कहा है कि वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस टीटी नगर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि थार कार की पहचान की जा सके. अधिकारियों के मुताबिक, वाहन की पहचान होते ही जल्द कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, भोपाल पुलिस के एडीसीपी अनिल शर्मा ने भी थार से स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि मामले को दिखवाया जा रहा है और जल्द ही कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वाहन की पहचान करने में जुटी है.