भोपाल के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां क़ानून व्यवस्था के दावों के बीच बदमाशों का खुला तांडव देखने को मिला है. यहां चिचली बैरागढ़ निवासी फरियादी वैन चालक अयाज खान पर शनिवार को सुनियोजित तरीके से हमला किया गया. जब वह दोपहर करीब पौने दो बजे वह स्कूल की गाड़ी लेकर आ रहा था, तभी ओम नगर में बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने गाड़ी के आगे अपनी मोटरसाइकिल अड़ा दी.
अयाज जैसे ही बदमाशों को रास्ते से हटाने के लिए अपनी गाड़ी से नीचे उतरा, आरोपियों ने उस पर छुरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस खौफनाक हमले में अयाज के हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं. एजाज़ के मुताबिक़ हमलावर साफ़ तौर पर कह रहे थे कि "अनस फ़ारूक़ की ज़मीन से हट जाओ, नहीं तो जान से मार देंगे". वारदात के बाद आरोपी अनस भी वहां पहुंचा और धमकी देते हुए बोला कि "जाकर पट्टी करवा लो, अभी तो और छुरियां पड़ेंगी". इतना ही नहीं, बेखौफ बदमाशों ने एजाज़ के घर पर भी हमला बोला, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है.
आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
वारदात के पीछे पैतृक जमीन को लेकर रिश्तेदारों से चल रहा पुराना संपत्ति का विवाद बताया जा रहा है. इस मामले में चूनाभट्टी थाना प्रभारी ने अधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि पीड़ित का मेडिकल कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर लिया गया है और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस सनसनीखेज वारदात में मुख्य रूप से तीन आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शहर का माहौल खराब करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे. स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस वक्त बस को रोककर ड्राइवर पर हमला किया गया, उस वक्त लोगों ने विरोध किया, लेकिन बदमाशों ने उन्हें भी चाकू दिखाकर डरा दिया.