बरसात के मौसम में सांपों का निकलना एक आम बात है जिसे लेकर हर घर में डर का माहौल रहता है. अक्सर लोग सलाह देते हैं कि घर के गार्डन या आसपास मैरीगोल्ड (गेंदा), लेमनग्रास या स्नेक प्लांट जैसे पौधे लगा लेने से सांप दूर रहते हैं. कहा जाता है कि इन पौधों की तेज महक या बनावट सांपों को पसंद नहीं आती और वे वहां आने से बचते हैं. लेकिन क्या इन दावों के पीछे कोई वैज्ञानिक आधार भी है? एक्सपर्ट्स का कहना है कि कुछ पौधों को लेकर पारंपरिक मान्यताएं जरूर हैं, लेकिन सिर्फ इन्हें लगाने से सांप नहीं रुकते. आइए जानते हैं इस बारे में रिसर्च और एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं.
क्या सच में कुछ पौधे सांपों को दूर रखते हैं?
बागवानी से जुड़ी विदेशी वेबसाइट द स्प्रूस के मुताबिक, कुछ पौधों की तेज गंध या नुकीली बनावट सांपों को उस जगह पर आने से रोक कर सकती हैं. कुछ लोगों की पुरानी धारणा है कि इन पौधों की तेज महक या बनावट सांपों को पसंद नहीं आती और वे वहां आने से बचते हैं. हालांकि, इस दावे को सपोर्ट करने वाले मजबूत वैज्ञानिक सबूत उपलब्ध नहीं हैं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इन पौधों को केवल एक अतिरिक्त उपाय माना जा सकता है न कि सांपों से बचाव का भरोसेमंद तरीका.
क्या कहती हैं रिसर्च?
यदि विदेशी रिसर्च और एक्सपर्ट्स की मानें तो 'सांप भगाने वाले पौधे' पूरी तरह से एक मिथक हो सकते हैं. अफ्रीकन स्नेकबाइट इंस्टीट्यूट का कहना है, दुनिया भर में ऐसा कोई पदार्थ या पौधा नहीं है जिसे वैज्ञानिक रूप से सांपों को प्रभावी ढंग से दूर रखने वाला माना गया हो. सांप इंसानों की तरह गंध महसूस नहीं करते वे अपनी जीभ और जैकोबसन ऑर्गन का इस्तेमाल करके अपने आसपास के माहौल और शिकार का पता लगाते हैं.
LifeTips के एक आर्टिकल के मुताबिक, फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी और टेक्सस ए एंड एम एग्रीलाइफ एक्सटेंशन जैसी ऑर्गनाइजेशन के दशकों की रिसर्च में भी यह साफ हुआ है कि किसी भी पौधे से निकलने वाली महक सांपों के व्यवहार को बदलने में सक्षम नहीं है. अक्सर लोग जब अपने गार्डन में ऐसे पौधे लगाते हैं और सांप नहीं दिखते तो वे इसे पौधों का कमाल मान लेते हैं, जबकि असल वजह सफाई और गार्डन का बेहतर रखरखाव हो सकता है.
सांपों से बचाव का असली तरीका क्या है?
सांपों को दूर रखने का सबसे असरदार तरीका पौधों पर निर्भर रहना नहीं बल्कि अपने आसपास का माहौल ऐसा बनाना है जो उन्हें पसंद न आए. सांप उन जगहों पर आते हैं जहां उन्हें छिपने के लिए अंधेरी और सुरक्षित जगह मिलती है.
एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि गार्डन में पत्थरों के ढेर, कूड़ा-कचरा, ईंटें या लकड़ियों का अंबार न लगने दें. घास को हमेशा छोटा रखें ताकि सांपों को छिपने के लिए जगह न मिले. इसके अलावा, घर की दरारों को बंद करना और चूहों की संख्या पर नियंत्रण रखना सबसे जरूरी है, क्योंकि चूहों के पीछे ही सांप अक्सर घरों में घुसते हैं.