Homemade Aamchoor Powder: अमचूर पाउडर भारतीय व्यंजनों का एक अहम हिस्सा है जो दाल, सब्जी और चाट को एक चटपटा स्वाद देता है. इसे आम को सुखाकर बनाया जाता है. लेकिन बाजार में मिलने वाला आमचूर पाउडर प्रिजर्वेटिव्स से भरपूर और काफी पुराना हो सकता है तो क्यों ना इस बार की गर्मी में आप घर ही आमचूर का पाउडर बनाकर रख लें. घर पर बना अमचूर न केवल शुद्ध होता है बल्कि इसकी खुशबू और स्वाद भी कहीं अधिक होता है.
कैसे बनाएं अमचूर पाउडर
यहां हम आपको घर पर अमचूर पाउडर बनाने की पूरी रेसिपी बता रहे हैं.
सही आम का चुनाव: अमचूर के लिए हमेशा कच्ची अमिया या रामकेला जैसे खट्टे आमों का चुनाव करें जिनमें जाली न पड़ी हो और रेशा कम हो.
आमों को करें साफ: आमों को धोकर अच्छी तरह सुखा लें. अब इनका छिलका उतार लें.
स्लाइसिंग करें: आमों के बहुत पतले-पतले स्लाइस काटें. आप चाहें तो इन्हें कद्दूकस भी कर सकते हैं. स्लाइस जितने पतले होंगे, अमचूर उतना ही परफेक्ट बनेगा.
टुकड़ों को सुखाएं: कटे हुए टुकड़ों को एक सूती कपड़े पर फैलाकर 3-4 दिन तक तेज धूप में सुखाएं. जब ये पूरी तरह कड़क हो जाएं और हाथ से दबाने पर टूटने लगें, तब समझें कि ये तैयार हैं.
पीसें और छानें: सूखे हुए टुकड़ों को ग्राइंडर में डालकर बारीक पाउडर बना लें. आखिर में इसे एक बारीक छलनी से छान लें ताकि एक समान पाउडर मिले.
स्टोर करते हुए बरतें ये सावधानी
इस पाउडर को हमेशा कांच के एयरटाइट जार में रखें ताकि बिलकुल भी नमी ना जाए. साथ ही सुखाते समय आम पर थोड़ी सी हल्दी छिड़क देने से अमचूर का रंग बहुत अच्छा आता है और यह काला नहीं पड़ता.