Hair care tips: आज के समय में बाल टूटने की समस्या काफी कॉमन हो गई है जिससे हर उम्र के लोग परेशान हैं. जब बाल तेजी से झड़ने लगते हैं तो लोग तुरंत बाजार में मौजूद महंगे शैम्पू, कंडीशनर और सीरम की तरफ भागते हैं. उन्हें लगता है कि कोई भी महंगा हेयर प्रोडक्ट उनके बालों को झड़ने से रातों-रात रोक देगा लेकिन हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब का मानना है कि केवल महंगे प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बालों को गिरने से नहीं रोका जा सकता है.
जावेद हबीब के अनुसार, बालों को मजबूती देने के लिए आपको अपनी जीवनशैली और बालों की देखभाल करने के तरीकों में यदि आप कुछ बदलाव करते हैं तो आपके बाल टूटने से बच सकते हैं.
बालों की सफाई और सही देखभाल
जावेद हबीब ने सोशल मीडिया पर 4 तरीके बताए हैं जिनसे बालों को टूटने से बचाया जा सकता है. सबसे पहला तरीका बालों की सफाई है. हबीब का कहना है कि स्कैल्प को हमेशा साफ रखना चाहिए क्योंकि गंदगी के कारण जड़ें कमजोर हो जाती हैं और बाल झड़ने लगते हैं.
दूसरा तरीका यह है कि बालों में नियमित रूप से तेल लगाने की आदत डालनी चाहिए और उसके बाद ही शैम्पू का इस्तेमाल करना चाहिए. यह बालों के नेचुरल मॉइश्चर को बनाए रखने में मदद करता है.
हेयरकट और बाहरी डैमेज से सुरक्षा
तीसरा, समय-समय पर अपने बालों को ट्रिम या कटवाते रहना बहुत जरूरी है. हबीब के मुताबिक, समय पर बाल कटवाने से बालों के हेल्दी ग्रोथ बनी रहती है. इसके अलावा बालों को अत्यधिक हीट और हानिकारक केमिकल्स से बचाकर रखना चाहिए.
हीटिंग टूल्स जैसे हेयर ड्रायर का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल बालों को अंदर से डैमेज कर देता है जिससे वे टूटने लगते हैं.
बेहतर लाइफस्टाइल का महत्व
हबीब ने एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात पर जोर दिया है जो है अच्छी डाइट और पूरी नींद लेना. वे मानते हैं कि आप जो खाते हैं और आप कितनी अच्छी नींद लेते हैं तो इसका सीधा असर आपके बालों की क्वालिटी और मजबूती पर पड़ता है.
यदि आपका खानपान सही है और शरीर तनावमुक्त है तो आपके बाल प्राकृतिक रूप से मजबूत और चमकदार बने रहेंगे. इन बेसिक टिप्स को अपनी डेली रूटीन में शामिल करना बहुत आसान है और इसके लिए किसी महंगे ट्रीटमेंट की जरूरत नहीं पड़ती.