scorecardresearch
 

Dahi Palak Kafuli Recipe: बिना दाल के भी चट कर जाएंगे चावल, जब लंच में दही-पालक से बनाएंगे उत्तराखंड की फेमस 'काफुली'

दाल,सब्जी और कढ़ी खाकर कभी-कभी मन भर जाता है और बिल्कुल भी खाने का मन नहीं करता है. ऐसे में आप अपने घर पर पालक से बनने वाली पहाड़ी काफुली बना सकते हैं. इसे बनाना भी आसान है और लंच में चावलों के साथ इसका स्वाद कमाल लगता है.

Advertisement
X
पालक का साग बहुत टेस्टी बनता है. (PHOTO:AI)
पालक का साग बहुत टेस्टी बनता है. (PHOTO:AI)

Palak Kafuli Recipe: पंजाब, यूपी और बिहार के अलावा उत्तराखंड का भी खाना लोगों को खूब पसंद आता है. पहाड़ी इलाकों में चीजें उतनी आसानी से नहीं मिल पाती है और इसी वजह से लोग कम चीजों के साथ ही टेस्टी खाना बनाते हैं, जो किसी भी महंगी डिश को फेल कर सकता है. सबसे अच्छी बात यह होती है कि पहाड़ी खाने को बनाने के लिए ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है.

अगर आप रोज-रोज एक जैसी सब्जियां और दाल खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार उत्तराखंड की पारंपरिक डिश काफुली जरूर ट्राई करें. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है. पालक और मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों से बनने वाली काफुली को गर्मागर्म सादे चावल के साथ खाया जाता है. इसका गाढ़ा और हल्का मसालेदार स्वाद हर किसी को पसंद आता है. आइए आपको पालक की काफुली बनाने का आसान तरीका बताते हैं, जिसे एक बार खाने के बाद आप बार-बार बनाएंगे. 

पालक की काफुली के इंग्रेडिएंट्स

  • पालक – 500 ग्राम
  • दही – ½ कप
  • गेहूं का आटा – 2 बड़े चम्मच
  • लहसुन – 5-6 कलियां (बारीक कटी)
  • हरी मिर्च – 2
  • हींग – 1 चुटकी
  • जीरा – 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी – ¼ छोटा चम्मच
  • सरसों का तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
  • नमक – स्वादानुसार

काफुली बनाने का तरीका

Advertisement
  1. सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धोकर चार से पांच मिनट तक उबाल लें. उबले हुए पत्तों को ठंडा करके मिक्सर में पीसकर स्मूद पेस्ट बना लें.
  2. एक कटोरी में दही और गेहूं का आटा मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गुठलियां न रहें.
  3. अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, हींग, लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
  4. इसके बाद हल्दी डालें और तुरंत पालक का पेस्ट मिला दें. अब इसमें दही और आटे का मिक्सर डाल दें.
  5. दही-आटे का मिक्सर लगातार चलाते हुए 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. आखिर में स्वादानुसार नमक डालें और जब काफुली गाढ़ी हो जाए, तब गैस बंद कर दें.

परोसने का तरीका

गर्मागर्म काफुली को सादे चावल, मंडुवे की रोटी या गेहूं की रोटी के साथ परोसें. ऊपर से थोड़ा-सा घी डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

टिप्स

  • काफुली को हमेशा धीमी आंच पर पकाएं, इससे इसका रंग और स्वाद दोनों बेहतर रहते हैं.
  • अगर दही ज्यादा खट्टा हो, तो उसकी मात्रा थोड़ी कम रखें.
  • चाहें तो आखिर में थोड़ा देसी घी डालकर सर्व करें.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement