scorecardresearch
 

Moong Dal Poori: सादी पूड़ी छोड़ें, त्योहारों पर बनाएं मूंग दाल की क्रिस्पी पूड़ियां, बच्चे-बड़े सब होंगे खुश

Moong Dal Poori: अगर आपके घर में भी इस फेस्टिव सीजन आए दिन पूड़ियां बन रही हैं तो हर बार साधारण पूड़ी क्यों. इस बार कुछ नया ट्राई कीजिए. यहां हम आपको मूंग दाल की फूली-फूली पूड़ियां बनाने की ट्रिक बता रहे हैं.

Advertisement
X
मूंग दाल पूड़ी (Photo: ITG)
मूंग दाल पूड़ी (Photo: ITG)

त्योहारों का सीजन हो और घर में तरह-तरह के पकवान न बनें, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. इस त्योहारी माहौल में जब बात खाने की आती है तो रोज की सादी पूरियों से हटकर कुछ अलग और खास ट्राई करने का मन करता है. अगर आप भी इस बार कुछ स्वादिष्ट और क्रिस्पी बनाना चाहती हैं तो मूंग दाल की पूड़ी एक बेहतरीन विकल्प है.

यह खाने में जितनी स्वादिष्ट होती है, उतनी ही पौष्टिक भी होती है. कचौरी जैसा स्वाद देने वाली यह पूड़ी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आएगी और आपके फेस्टिव खाने का स्वाद दोगुना कर देगी.

आवश्यक सामग्री:

पीली मूंग दाल: आधा कप (2 घंटे भिगोई हुई)

गेहूं का आटा: 2 कप

सूजी या बेसन: 2 चम्मच (कुरकुरापन लाने के लिए)

अजवाइन: आधा छोटी चम्मच

सौंफ पाउडर: 1 छोटी चम्मच

हींग: एक चुटकी

हल्दी और लाल मिर्च पाउडर: स्वादानुसार

नमक: स्वादानुसार

तेल या घी: आटा गूंथने के लिए और तलने के लिए

बनाने की विधि:

दाल तैयार करें: भीगी हुई मूंग दाल का पानी अच्छी तरह निकाल लें. अब इसे मिक्सी के जार में बिना पानी डाले या बहुत हल्का सा पानी डालकर दरदरा पीस लें.

आटा गूंथें: एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी या बेसन और सभी मसाले (अजवाइन, सौंफ, हींग, हल्दी, लाल मिर्च, नमक) मिलाएं. अब इसमें पिसी हुई मूंग दाल और एक चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पूरी जैसा सख्त आटा गूंथ लें. आटे को 15 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें.

Advertisement

लोइयां और पूरियां बेलें: आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. अब इन्हें हल्का सा तेल लगाकर गोल या बेलनाकार आकार में बेल लें (ध्यान रखें कि पूरियां बहुत ज्यादा पतली न हों).

पूरियां तलें: कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल मध्यम-तेज गर्म होना चाहिए. अब बेली हुई पूरियों को कड़ाही में डालें और कलछी से हल्का-हल्का दबाएं, जिससे पूरी गुब्बारे की तरह फूल जाए. दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.

गरमा-गरम खस्ता मूंग दाल पूरी को आलू की सब्जी, रायता या अपनी मनपसंद चटनी के साथ परोसें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement