Gudhal Sharbat Recipe: उमस भरी गर्मी में शरीर को देगा AC जैसी ठंडक, घर पर बनाकर पिएं गुड़हल का शरबत, आसान है रेसिपी
उमस भरी गर्मी और मानसून में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए गुड़हल का शरबत एक बेहतरीन और हेल्दी ऑप्शन है. विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर यह रिफ्रेशिंग ड्रिंक न सिर्फ शरीर को ठंडक पहुंचाती है, बल्कि इम्यूनिटी भी बढ़ाती है. घर पर इसे आसानी से बनाने की पूरी रेसिपी यहां जानें.
How to Make Gudhal Sharbat: बारिश का मौसम आते ही तेज धूप से राहत तो मिल जाती है, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को खूब परेशान करती है. इस मौसम में ज्यादा पसीना आने से शरीर में पानी की कमी, थकान और सुस्ती महसूस होने लगती है. ऐसे में अगर आप बाजार के कोल्ड ड्रिंक्स की बजाय कोई हेल्दी ड्रिंक पीना चाहते हैं, तो गुड़हल का शरबत आपके लिए बेस्ट है.
गुड़हल के फूलों से तैयार यह शरबत स्वाद में हल्का खट्टा-मीठा होता है और शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है. गुड़हल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन-सी और कई जरूरी पोषक तत्व शरीर को हाइड्रेट रखने में कारगार माना जाता है. यही वजह है कि गर्मी और उमस के दिनों में कई लोग इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं.
आइए जानते हैं घर पर गुड़हल का शरबत कैसे बनाते हैं?
उत्तराखंड में गुड़हल सबसे ज्यादा फेमस है और वहां के लोग इसकी चाय और शरबत खूब बनाकर पीते हैं. एक तो इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती है और इसे पीकर शरीर को भी काफी फायदा मिलता है. इसे आप भी आसानी से अपने घर पर भी बना सकते हैं, आइए आपको इसे बनाने की रेसिपी बताते हैं.
गुड़हल का शरबत बनाने के लिए सामग्री
Advertisement
ताजे गुड़हल के फूल – 8 से 10
पानी – 4 कप
चीनी या शहद – स्वादानुसार
नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
काला नमक – ¼ छोटा चम्मच
भुना जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच
पुदीने की पत्तियां – थोड़ी-सी
बर्फ के टुकड़े – आवश्यकतानुसार
गुड़हल का शरबत बनाने की आसान तरीका
सबसे पहले गुड़हल के ताजे फूलों को अच्छी तरह धो लें. फूलों की हरी डंडी और बीच का हिस्सा निकालकर केवल लाल पंखुड़ियों का इस्तेमाल करें.
एक पैन में 4 कप पानी डालें और उसमें गुड़हल की पंखुड़ियां डालकर 8 से 10 मिनट तक उबालें. जब पानी का रंग गहरा लाल हो जाए, तब गैस बंद कर दें.
पानी को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसे छानकर पंखुड़ियों को अलग कर दें.
अब इसमें चीनी या शहद, नींबू का रस, काला नमक और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें.
गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें, तैयार शरबत भरें और ऊपर से पुदीने की पत्तियों को सजाकर ठंडा-ठंडा सर्व करें.
गुड़हल का शरबत पीने के फायदे
शरीर को ठंडक और ताजगी महसूस कराने में मदद कर सकता है, शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है.
इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं.
विटामिन-सी के कारण यह इम्युनिटी को सपोर्ट कर सकता है.
डाइजेशन को बेहतर बनाए रखने में भी यह फायदेमंद माना जाता है.
इन बातों का रखें ध्यान
शरबत बनाने के लिए केवल बिना कीटनाशक वाले, खाने योग्य गुड़हल के फूलों का ही इस्तेमाल करें.
आपको लो ब्लड प्रेशर की समस्या है या आप कोई नियमित दवा ले रहे हैं, तो इसका सेवन सीमित मात्रा में करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें.
शहद का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसे उबलते हुए पानी में न डालें, बल्कि शरबत ठंडा होने के बाद मिलाएं.