गर्मियों का मौसम आते ही घर के सभी लोग फ्रिज की तरफ ठंडे पानी और बर्फ के लिए दौड़ते नजर आते हैं. गर्मी के मौसम में ठंडे पानी के साथ ही बर्फ भी एक ऐसी चीज बन जाती है, जिसकी जरूरत दिनभर में पड़ती रहती है. ठंडा पानी हो, शरबत, जूस या मेहमानों के लिए कोई ड्रिंक, हर चीज को ठंडा करने के लिए लोग बर्फ का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन अक्सर देखने को मिलता है कि बार-बार फ्रिज खुलने के कारण बर्फ जल्दी जम नहीं पाती है. कई बार तो ऐसा होता है कि अचानक मेहमान आ जाते हैं और फ्रीजर खोलने पर पता चलता है कि आइस ट्रे खाली पड़ी है. ऐसे में इंतजार करना ही एकमात्र ऑप्शन नजर आता है.
अगर आप भी ऐसा ही सोचते हैं, तो आप गलत हैं. दरअसल, कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से आप बर्फ को जल्दी जमा सकते हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर गुनगुने पानी से बर्फ जल्दी जमाने की ट्रिक काफी वायरल हो रही है. इसके अलावा एल्युमिनियम फॉयल और मेटल की आइस ट्रे जैसी छोटी-छोटी बातें भी बर्फ को तेजी से जमाने में मददगार मानी जाती हैं. आइए जानते हैं कि क्या ये ट्रिक्स सच में काम करती हैं.
1. गुनगुने पानी से जल्दी जम सकती है बर्फ: बर्फ जल्दी जमाने के लिए जो ट्रिक इन दिनों सबसे ज्यादा वायरल हो रही है वो है गुनगुने पानी का इस्तेमाल. सुनने में ये अजीब लग सकता है, लेकिन कुछ कंडीशंस में हल्का गुनगुना पानी ठंडे पानी की तुलना में जल्दी जम सकता है. इसे मपेम्बा इफेक्ट (Mpemba Effect) कहा जाता है. हालांकि, ये हर बार और हर फ्रीजर में काम करे ऐसा मुश्किल है. लेकिन कई बार ये जल्दी बर्फ जमाने में मददगार हो सकता है.
अगर आपको जल्दी बर्फ चाहिए, तो बहुत ज्यादा गर्म नहीं बल्कि हल्का गुनगुना पानी आइस ट्रे में भरकर फ्रीजर में रखें. ध्यान रखें कि ट्रे को पूरी तरह ऊपर तक न भरें, क्योंकि जमने के दौरान पानी फैलता है.
2. एल्युमिनियम फॉयल से बढ़ सकती है ठंडक का असर: रोटी पर लपेटने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एल्यूमिनियम फॉयल भी बर्फ जल्दी जमाने में मददगार साबित हो सकता है. अगर आपके पास केवल प्लास्टिक की आइस ट्रे है, तो उसके नीचे और किनारों पर एल्युमिनियम फॉयल लपेट सकते हैं. एल्युमिनियम गर्मी को तेजी से ट्रांसफर करता है, जिससे फ्रीजर की ठंडक ट्रे तक बेहतर तरीके से पहुंचने में मदद मिल सकती है. इससे बर्फ जमने का प्रोसेस थोड़ी तेज हो सकता है.
3. प्लास्टिक की जगह मेटल ट्रे चुनें: अगर आपके घर में स्टील या एल्युमिनियम की आइस ट्रे है, तो उसे इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है. प्लास्टिक की तुलना में मेटल तक ठंड को ज्यादा तेजी से पहुंचती है, जिससे पानी जल्दी ठंडा होकर जम सकता है.
फ्रीजर की सेटिंग का भी रखें ध्यान
सिर्फ ये ट्रि्क्स अपनाने से ही बर्फ जल्दी नहीं जमता है. अगर फ्रीजर का तापमान सही नहीं है या बार-बार दरवाजा खोला जा रहा है, तो बर्फ जमने में ज्यादा समय लग सकता है. इसलिए फ्रीजर को ठंडे तापमान पर रखें और जरूरत न हो तो बार-बार खोलने से बचें.