scorecardresearch
 

How To Make Hairs Thick-Strong: झड़ते बालों से परेशान हैं? सरसों के तेल में मिलाएं ये 5 चीजें, जड़ों से होंगे मजबूत

Mustard Oil For Hair Fall: महंगे हेयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के बाद भी बाल झड़ना बंद नहीं हो रहे? सरसों के तेल में प्याज का रस, मेथी दाना और एलोवेरा जैसी 5 घरेलू चीजें मिलाकर लगाएं. ये स्कैल्प को पोषण देकर बालों को जड़ से मजबूत और घना बनाने का सबसे आसान घरेलू उपाय है.

Advertisement
X
बालों का झड़ना रोकने के लिए सरसों के तेल में कुछ चीजें मिलाकर लगानी चाहिए. (Photo: ITG)
बालों का झड़ना रोकने के लिए सरसों के तेल में कुछ चीजें मिलाकर लगानी चाहिए. (Photo: ITG)

हर कोई सुंदर दिखना चाहता है. सुंदर दिखने के लिए सिर्फ स्किन अच्छी होना ही काफी नहीं है, बल्कि बालों की क्वालिटी भी अच्छी होनी बहुत जरूरी है. ऐसे में लोग अपने बालों को सिल्की, स्मूद और घना बनाए रखने के लिए महंगे-महंगे प्रोडक्ट्स में पैसा बहाने से भी कतराते नहीं हैं. लेकिन इतना पैसा खर्च करने के बाद भी बालों का झड़ना बंद नहीं होता है. आपने अक्सर लोगों को कहते सुना होगा कि उनके बाल स्कूल के दिनों में बहुत घने हुआ करते थे, लेकिन अब इतना झड़ गए हैं कि सिर खाली लगने लगा है. 

आजकल सिर्फ बढ़ती उम्र की नहीं, बल्कि कम उम्र के लोगों की भी बड़ी परेशानी बन गया है. स्ट्रेस, खराब खानपान, प्रदूषण और गलत हेयर केयर रूटीन की वजह से बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं. ऐसे में हर कोई ऐसे आसान और घरेलू उपाय तलाशता है, जो बिना ज्यादा खर्च के बालों की देखभाल कर सकें. अगर आप भी उन्हीं में से हैं, तो ये खबर आपके लिए है. दादी-नानी के समय से सरसों का तेल बालों के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है. अगर इसे कुछ घरेलू चीजों के साथ मिलाकर लगाया जाए, तो ये स्कैल्प को पोषण देने और बालों को मजबूत रखने में मदद कर सकता है.

1. सरसों का तेल और प्याज का रस: प्याज बालों के लिए बहुत फायदेमंद मानी जाती है. ये बात किसी से छिपी नहीं है. अगर आपके बाल तेजी से टूट रहे हैं, तो प्याज का रस एक अच्छा घरेलू उपाय माना जाता है. प्याज में सल्फर पाया जाता है, जो बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है.

कैसे इस्तेमाल करें?
इस नुस्खे को इस्तेमाल करने के लिए बराबर मात्रा में प्याज का रस और हल्का गुनगुना सरसों का तेल मिला लें. इसे स्कैल्प पर अच्छी तरह लगाएं. 30-40 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें.

2. सरसों का तेल और मेथी दाना: इसमें अगला नाम मेथी दाना का आता है. मेथी दाने में प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये बालों की देखभाल के लिए लंबे समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है.

कैसे इस्तेमाल करें?
इसके लिए मेथी दाने को रातभर पानी में भिगो दें. सुबह इसका पेस्ट बनाकर उसमें थोड़ा सरसों का तेल मिला लें. अब इस मिश्रण को स्कैल्प पर 45 मिनट तक लगाकर रखें. इसके बाद साफ पानी या माइल्ड शैंपू से बाल धो लें.

3. सरसों का तेल और एलोवेरा: अगर आपके स्कैल्प में खुजली, रूखापन या जलन रहती है, तो एलोवेरा और सरसों का तेल राहत पहुंचाने में मदद कर सकते हैं.

Advertisement

कैसे इस्तेमाल करें?
बालों के लिए ये नुस्खा बहुत कारगर हो सकता है. इसमें इस्तेमाल करने के लिए ताजा एलोवेरा जेल में थोड़ा सरसों का तेल मिलाएं. हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज करें. 30 मिनट बाद बाल धो लें.

4. सरसों का तेल और करी पत्ता: करी पत्ता एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा सोर्स माना जाता है. इसे सरसों के तेल के साथ इस्तेमाल करना बालों की देखभाल के लिए फायदेमंद हो सकता है.

कैसे इस्तेमाल करें?
सरसों का तेल हल्का गर्म करें. इसमें कुछ करी पत्ते डालकर अच्छे से पकाएं. ठंडा होने पर तेल छान लें. हफ्ते में 2 बार इससे सिर की मसाज करें.

5. सरसों का तेल और गुड़हल के फूल: गुड़हल के फूल और पत्तियां पारंपरिक हेयर केयर का हिस्सा रही हैं. इन्हें बालों की चमक और घनापन बनाए रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

कैसे इस्तेमाल करें?
गुड़हल के फूल और पत्तियों का पेस्ट बना लें. इसमें थोड़ा सरसों का तेल मिलाएं. इस मिश्रण को बालों की जड़ों पर 40-45 मिनट तक लगाएं. फिर बाल अच्छी तरह धो लें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement