How to clean sticky laminate: किचन में खाना बनाते समय कैबिनेट और फर्नीचर की सनमाइका पर तेल के छींटे और चिपचिपाहट जमना काफी आम बात है. कई बार हम इन्हें रगड़कर साफ करने की कोशिश करते हैं, जिससे सनमाइका की चमक खराब हो सकती है या उस पर खरोंच आ सकती है. किचन के फर्नीचर को लंबे समय तक नया जैसा बनाए रखने के लिए सही सफाई के तरीकों की जानकारी होना बेहद जरूरी है. बिना किसी महंगे केमिकल का इस्तेमाल किए, आप घर में मौजूद चीजों से ही इन जिद्दी निशानों को चुटकियों में साफ कर सकते हैं.
ऐसे हटाएं चिपचिपे दाग और जिद्दी निशान
किचन की सनमाइका को साफ करने के लिए सबसे जरूरी है सही सॉल्यूशन का चुनाव. डिश वॉशिंग सोप और गर्म पानी का मिश्रण चिपचिपे ग्रीस को हटाने के लिए सबसे असरदार और सुरक्षित तरीका है. एक बाउल में थोड़ा सा माइल्ड डिश सोप मिलाएं और इसे गर्म पानी के साथ मिक्स करें. एक सॉफ्ट माइक्रोफाइबर कपड़े को इस घोल में डुबोएं, अच्छी तरह निचोड़ें और फिर धीरे-धीरे सतह को पोंछें. यह तरीका सनमाइका को बिना किसी नुकसान के साफ रखने में मदद करता है.
बेकिंग सोडा का करें इस्तेमाल
अगर दाग काफी पुराने और जिद्दी हैं, तो डिश सोप अकेला काफी नहीं होगा. आप बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट बना सकते हैं. थोड़ा सा बेकिंग सोडा और पानी मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार करें. इसे दाग वाली जगह पर लगाएं और 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद एक सॉफ्ट कपड़े या पुराने टूथब्रश से धीरे-धीरे रगड़कर दाग साफ कर लें. ध्यान रहे कि बहुत जोर न लगाएं ताकि सनमाइका की फिनिशिंग खराब न हो.
सिरका करेगा कमाल
ज्यादा चिपचिपे दागों के लिए व्हाइट विनेगर बहुत कारगर होता है. विनेगर ग्रीस को तोड़ने में काफी मददगार है. आप बराबर मात्रा में सिरका और गर्म पानी मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर सकते हैं. इसे प्रभावित हिस्से पर स्प्रे करें और कुछ देर के लिए छोड़ दें. इसके बाद साफ कपड़े से पोंछ लें. हालांकि, ध्यान रखें कि सिरके का बहुत ज्यादा या बिना पतला किए इस्तेमाल न करें, क्योंकि इसकी एसिडिक प्रकृति लंबे समय में सनमाइका को नुकसान पहुंचा सकती है.