
Overnight Hair Oiling Mistakes: भारत में दशकों से बालों की सही देखभाल का मतलब हमेशा तेल लगाने से रहा है. जब हम छोटे थे तो हमारी दादी-नानी भी रोजाना रात में खूब सारा तेल लगाकर सोने की सलाह देती थीं क्योंकि उनका मानना रहा है कि रात में तेल लगाकर सोने से तेल स्कैल्प के अंदर तक चला जाता है जिससे बाल अच्छे रहेंगे. लेकिन हाल ही में हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब ने एक पॉडकास्ट में इस बात को गलत माना. उनका कहना है कि रात भर बालों में तेल लगाकर छोड़ना असल में आपके बालों के लिए गलत होता है. यह आदत न सिर्फ बालों के झड़ने का कारण बनती है बल्कि इससे बाल समय से पहले सफेद भी होने लगते हैं. इसके पीछे का असल कारण क्या है, इस बारे में जान लीजिए.
जावेद हबीब ने बताया, भारत में सबसे ज्यादा हेयर ऑयल बिकता है फिर भी यहां हेयर फॉल की समस्या सबसे ज्यादा है. इसका कारण तेल का गलत इस्तेमाल है. स्कैल्प को ब्लॉक करने से डैंड्रफ और बालों के टूटने की समस्या बढ़ जाती है.

रात भर तेल लगाकर सोना गलत है. हमारा स्कैल्प अचार थोड़ी है जो रात भर के लिए तेल लगाकर रखें. दरअसल, रात में हमारी बॉडी सांस लेती है यानी कि रिकवर करती है. ऐसे में स्कैल्प भी रात में सांस लेता है. ऐसे में जब आप रात भर के लिए तेल लगाकर सो जाते हैं तो तेल के मॉलिक्यूल्स पोर्स को ब्लॉक कर देते हैं. इससे स्कैल्प ब्रीद नहीं कर पाता.
जावेद बताते हैं, अधिकतर लोग सूखे बालों में तेल की मालिश करते हैं जो कि गलत तरीका है. तेल कभी भी सूखे बालों में नहीं लगाना चाहिए क्योंकि इससे तेल अंदर तक नहीं जा पाता. तेल केवल एक मॉइश्चराइजर है जैसे हम साबुन या शैंपू गीले शरीर या बालों पर लगाते हैं, वैसे ही तेल का सही फायदा उठाने के लिए बालों का हल्का गीला होना जरूरी है.
हबीब ने बालों में तेल लगाने का एक नया और असरदार तरीका बताया है. उनके अनुसार, तेल को शैंपू करने से महज 5-10 मिनट पहले ही लगाना चाहिए. सबसे पहले बालों को सादे पानी से थोड़ा गीला करें और फिर तेल लगाएं. फिर किसी भी नॉर्मल शैंपू से धो लें.