आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में पार्लर जाने का वक्त निकालना हर किसी के लिए मुमकिन नहीं होता. इसलिए ज्यादातर महिलाएं और पुरुष घर पर ही पेडीक्योर करना पसंद करते हैं. यह न सिर्फ जेब पर भारी नहीं पड़ता, बल्कि पैरों की थकान मिटाने का भी बेस्ट तरीका है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर पर पैर साफ करते समय लोग अक्सर कुछ ऐसी बेसिक गलतियां कर बैठते हैं जिससे पैरों को फायदा होने के बजाय नुकसान पहुंच जाता है.
भूलकर भी न करें ये गलतियां
गलत तरीके से नाखून काटने से लेकर एड़ियों को ज्यादा रगड़ने तक ये छोटी-छोटी चूके पैरों की त्वचा को बेजान बना देती हैं और कई बार इन्फेक्शन का खतरा भी बढ़ा देती हैं. आइए जानते हैं कि होम पेडीक्योर के दौरान आपको किन गलतियों से दूरी बनानी चाहिए.
ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल: पैरों को भिगोने के लिए कभी भी बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल न करें. इससे पैरों की नेचुरल नमी छिन जाती है और स्किन ड्राई हो जाती है. हमेशा गुनगुने पानी का ही प्रयोग करें.
गीले पैरों पर स्क्रबर रगड़ना: पानी से पैर निकालते ही तुरंत तेज हाथों से प्यूमिक स्टोन या मेटल स्क्रबर न रगड़ें. ज्यादा जोर से रगड़ने पर त्वचा छिल सकती है और एड़ियां फटने का खतरा बढ़ जाता है. हमेशा हल्के हाथों से ही डेड स्किन साफ करें.
नाखूनों को गलत शेप में काटना: पैरों के नाखूनों को उंगलियों की तरह बहुत ज्यादा डीप या गोल शेप में न काटें. नाखूनों को हमेशा सीधा काटना चाहिए, वरना नाखून त्वचा के अंदर बढ़ने लगते हैं, जिसे 'इनग्रोन नेल' कहते हैं और इसमें तेज दर्द होता है.
क्यूटिकल्स को काटना: नाखूनों के निचले हिस्से की पतली त्वचा (क्यूटिकल्स) को कभी भी कटर से न काटें. यह बैक्टीरिया को अंदर जाने से रोकती है. इन्हें काटने के बजाय क्यूटिकल पुशर की मदद से धीरे से पीछे की तरफ पुश करें.
मॉइस्चराइजर छोड़ देना: पेडीक्योर के बाद स्क्रबिंग से त्वचा के पोर्स खुल जाते हैं. ऐसे में अगर आप तुरंत फुट क्रीम या थिक मॉइस्चराइजर नहीं लगाते, तो पैर पहले से भी ज्यादा रूखे और सख्त हो जाएंगे.