Watermelon Pulao Recipe: गर्मियों के सीजन में तरबूज हर किसी की खास पसंद होता है. लोग तरबूज को फ्रिज में रखकर ठंडा करते हैं और फिर उसे अलग-अलग तरह से खाते हैं. जैसे तरबूज सलाद, तरबूज शेक या फिर तरबूज का जूस आदि. लेकिन क्या आपने कभी तरबूज पुलाव के बारे में सुना है? शायद नहीं सुना होगा लेकिन सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी ने सोशल मीडिया पर अपनी इनोवेटिव तरबूज पुलाव की रेसिपी शेयर की है. सुनने में भले ही ये डिश अजीब लगे लेकिन काफी स्वादिष्ट है. इस डिश की खासियत यह है कि इसमें पानी की जगह तरबूज के फ्रेश जूस का इस्तेमाल किया गया है.
शेफ हरपाल सिंह ने बताया कुकिंग फील्ड में इनोवेशन बहुत जरूरी है और यह पुलाव उसी का नतीजा है. इसमें तरबूज की मिठास के साथ मसालों का तीखापन और काले नमक का जादू एक अलग ही लेवल का जायका पैदा करता है. तो आइए ये पुलाव कैसे बनाएं, इस बारे में जान लीजिए.
शेफ हरपाल सिंह ने बताया, तरबूज पुलाव को बनाने की शुरुआत तरबूज के ताजे पल्प से जूस निकालने के साथ होती है. शेफ ने बताया कि सबसे पहले तरबूज को काटकर उसका जूस निकालें और उसे अच्छे से छान लें ताकि बीज अलग हो जाएं. इसके बाद कुकर में घी गर्म करके उसमें काली मिर्च, तेजपत्ता, दालचीनी, चक्रफूल और छोटी इलायची का तड़का लगाएं. फिर उसमें कलौंजी डालें ताकि फ्लेवर आ सके.
रेसिपी को और रिच बनाने के लिए शेफ ने इसमें पनीर के छोटे-छोटे टुकड़े और पसंदीदा नट्स जैसे पीकन नट्स और काजू का इस्तेमाल करें. मसालों में जीरा पाउडर, लाल मिर्च, हल्दी, चिली फ्लेक्स और क्रश्ड ब्लैक पेपर डालें. यह मसाले तरबूज की मिठास को बैलेंस करते हैं. इसके बाद इसमें भीगे हुए चावल और तरबूज का जूस डालें.
शेफ हरपाल सिंह ने इस रेसिपी में काला नमक और थोड़ी सी चीनी भी डालें क्योंकि इससे टेस्ट और उभरकर सामने आता है. कुकर में तीन सीटी लगाने के बाद जब पुलाव बनकर तैयार होता है तो इसकी खुशबू और रंगत किसी को भी दीवाना बना सकती है. अंत में इसे कद्दू के बीजों से गार्निश करें और खाने के लिए तैयार है.