scorecardresearch
 

Nankhatai In Pressure Cooker: मेरठ की मशहूर नानखटाई अब घर पर बनाएं, कुकर में ऐसे तैयार होगी खस्ता और स्वादिष्ट मिठाई; आसान है तरीका

Nankhatai In Pressure Cooker: मेरठ की मशहूर खस्ता और मुंह में घुल जाने वाली नानखटाई आप घर पर बना सकते हैं, वो भी कुकर में. आज हम आपको नानथटाई बनाने का आसान तरीका बताने वाले हैं, जिसका स्वाद बिल्कुल मेरठ वाला आएगा.

Advertisement
X
मेरठ की नानखटाई को घर पर बनाने के लिए ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है. (Photo: ITG)
मेरठ की नानखटाई को घर पर बनाने के लिए ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है. (Photo: ITG)

Nankhatai In Pressure Cooker: उत्तर प्रदेश की बात हो और मेरठ जिले का नाम ना आए, ऐसा होना थोड़ा मुश्किल है. यूं तो यूपी का हर जिला, हर शहर अपने आप में विशेष है, लेकिन मेरठ किसी ना किसी कारण से आए दिन खबरों में बना रहता है. मेरठ की कैंची से लेकर बल्ले और खाना-पीना बहुत ही मशहूर हैं. मेरठ की गलियों और बाजारों में कई चीजें मिलती हैं, जिनका स्वाद दूर-दूर तक मशहूर है. इन्हीं में से एक नानखटाई भी है. नानखटाई का स्वाद भला किसे पसंद नहीं होता. बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से इतनी मुलायम कि मुंह में जाते ही घुल जाए, नानखटाई चाय के साथ खाने के लिए एकदम परफेक्ट मानी जाती है. इसकी प्रसिद्धि का अंदाजा इस बात ये लगाया जा सकता है कि दिल्ली जैसा शहर में भी मेरठ की मशहूर नानखटाई को ठेलो से लेकर दुकानों तक पर बेचा जाता है. 

अगर आप भी नानखटाई खाना पसंद है, तो अब बाहर जाने या मेरठ से किसी के लाने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है. आप घर पर बहुत ही आसानी से स्वादिष्ट नानखटाई बना सकते हैं, वो भी कुकर में. तो चलिए जानते हैं ऐसी नानखटाई बनाने का तरीका, जिसका स्वाद आपको मेरठ की मशहूर नानखटाई की याद दिला देगा.

नानखटाई बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स

  • 1 कप मैदा
  • 2 बड़े चम्मच सूजी
  • 2 बड़े चम्मच बेसन
  • आधा कप से थोड़ा ज्यादा घी
  • करीब ¾ कप पिसी हुई चीनी
  • 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • ½ किलो नमक
  • सजाने के लिए बारीक कटे पिस्ते या बादाम
  • जरूरत पड़ने पर 1-2 छोटे चम्मच दूध

बनाने का तरीका

1. एक बड़े बर्तन में मैदा, सूजी और बेसन डालकर तीनों चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अब एक दूसरे बर्तन में घी और पिसी हुई चीनी डालें. इसे अच्छी तरह फेंटें, जब तक घी और चीनी का मिश्रण हल्का और फूला हुआ न लगने लगे.

Advertisement

2. अब इसमें बेकिंग पाउडर और इलायची पाउडर डालकर मिला दें. इसके बाद मैदा, सूजी और बेसन का तैयार मिश्रण इसमें डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए आटा गूंथ लें.

3. ध्यान रखें कि नानखटाई का आटा बहुत ज्यादा सख्त नहीं होना चाहिए. अगर सूखा लगे तो इसमें 1-2 चम्मच दूध डाल सकते हैं. हालांकि सही मात्रा में घी होने पर आमतौर पर दूध डालने की जरूरत नहीं पड़ती.

4. अब नानखटाई को बेक करने के लिए एक कुकर लें. कुकर के अंदर करीब आधा किलो नमक डालकर फैला दें. नमक को फेंकने की जरूरत नहीं है. इसे छानकर दोबारा बेकिंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.

5. नमक के ऊपर एक जाली या स्टैंड रखें. अब कुकर को ढककर तेज आंच पर करीब 7-8 मिनट तक गर्म होने दें. कुकर में सीटी नहीं लगानी है.

6. अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ें. इन्हें गोल करके हल्का दबा दें. एक प्लेट में थोड़ा घी लगाकर इन नानखटाई को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखें.

7. अब चाकू की मदद से हर नानखटाई के ऊपर हल्का सा क्रॉस का निशान बना दें. ऊपर से बारीक कटे पिस्ते डालें. चाहें तो पिस्ते की जगह बादाम की कतरन भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

8. कुकर अच्छी तरह गर्म हो जाए तो नानखटाई वाली प्लेट को जाली के ऊपर रख दें. कुकर को ढककर मीडियम आंच पर करीब 10 मिनट तक पकाएं.

Advertisement

9. 10 मिनट बाद ढक्कन खोलकर नानखटाई चेक करें. इस समय ये ऊपर से फूली हुई दिखेगी, लेकिन अगर रंग हल्का है तो इसे कुछ और समय पकाना होगा. अब आंच तेज करके करीब 4-5 मिनट और पकाएं.

10. जब नानखटाई ऊपर से हल्की गोल्डन-ब्राउन नजर आने लगे तो गैस बंद कर दें. प्लेट बहुत गर्म होगी, इसलिए इसे सावधानी से बाहर निकालें. इसी तरह बची हुई नानखटाई को भी बैच में पकाएं.

11. नानखटाई को प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडी होने के बाद ये नीचे से भी हल्की ब्राउन और अच्छी तरह कुरकुरी हो जाएगी. इसके बाद इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement