How To Sharpen Mixer Blades: रसोई में ऐसे बहुत से गैजेट्स होते हैं, जो काम को आसान बनाने का काम करते हैं. इन्हीं में से एक मिक्सर-ग्राइंडर होता है. ये एक ऐसा गैजेट है, जो रोजाना कई काम मिनटों में आसान कर देता है. चाहे मसाले पीसने हों, चटनी तैयार करनी हो या फिर शेक और स्मूदी बनानी हो, मिक्सर ग्राइंडर हर काम में मदद करता है. लेकिन कई बार लगातार इस्तेमाल होने की वजह से इसके ब्लेड्स की धार कम हो जाती है और ये कुछ भी ढंग से पीस नहीं पाता है. कई लोगों के लिए मिक्सर के जार के ब्लेड्स का ढंग से काम ना करना बहुत बड़ा सिरदर्द बन जाता है.
अगर आपका मिक्सर भी चीजों को बारीक नहीं पीस पा रहा है या मसाले ठीक से नहीं पिस रहा है, तो तुरंत नया जार खरीदने या किसी इंलेक्ट्रीशियन को इसे ठीक करने के लिए बुलाने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू चीजों के इस्तेमाल से आप खुद से घर बैठे मिक्सर के ब्लेड्स की धार को फिर से तलवार जैसी धार दे सकते हैं. चलिए जानते हैं उन आसान देसी जुगाड़ों के बारे में जो आपके पुराने मिक्सर को फिर से नए जैसा बना देंगे.
1. अंडे के छिलकों से करें ब्लेड की सफाई: मिक्सर की धार को तेज करने के लिए जिस एक चीज का इस्तेमाल आप कर सकते हैं वो अंडे के छिलके हैं. जी हां, जिन अंडे के छिलकों को आप कबाड़ समझकर डस्टबिन में फेंक देते हैं, वो मिक्सर को ठीक करने में काम आ सकते हैं. इसके लिए छिलकों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. फिर इन्हें मिक्सर जार में डालकर कुछ सेकंड के लिए चला दें.
छिलकों का टेक्शचर खुरदुरा होता है, जो ब्लेड पर जमी गंदगी और छोटे कणों को हटाने में मदद कर सकता है. इससे ब्लेड की काम करने की क्षमता बेहतर हो सकती है.
2. मोटा नमक: लिस्ट में दूसरा नाम मोटे नमक का है. मोटा नमक भी मिक्सर ब्लेड की धार को तेज करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए जार में एक चम्मच मोटा नमक डालें और कुछ सेकंड के लिए मिक्सर चलाएं. नमक के दाने ब्लेड के आसपास जमा गंदगी को हटाने में मदद करते हैं, जिससे मिक्सर पहले की तुलना में बेहतर तरीके से काम कर सकता है.
3. बर्फ के टुकड़ों से हटाएं जमी गंदगी: ड्रिंक्स को ठंडा करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाले फ्रीजर में रखी बर्फ भी मिक्सर की देखभाल में मददगार हो सकती है. इसके लिए 3-4 बर्फ के टुकड़े जार में डालकर कुछ सेकंड के लिए ब्लेंड करें. बर्फ की वजह से ब्लेड पर चिपके छोटे-छोटे कण हट सकते हैं और ब्लेड साफ हो सकता है. इससे मिक्सर की परफॉर्मेंस में सुधर सकती है.
4. बेकिंग सोडा: अगर ब्लेड पर तेल या खाने के छोटे-छोटे कण जमा हो गए हैं, तो बेकिंग सोडा आपके काम का साबित हो सकता है. इसके लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को ब्रश की मदद से ब्लेड पर लगाएं और कुछ देर बाद साफ कर दें. इससे ब्लेड के आसपास जमा गंदगी आसानी से निकल सकती है.
5. एल्युमिनियम फॉयल भी आ सकता है काम: मिक्सर ब्लेड की सफाई के लिए एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इसके लिए फॉयल का छोटा टुकड़ा लेकर उसकी बॉल बना लें और उसे जार में डालकर कुछ सेकंड के लिए मिक्सर चलाएं. फॉयल की हल्की रगड़ ब्लेड पर जमा गंदगी हटाने में मदद कर सकती है और ब्लेड की धार को तेज करके परफॉर्मेंट को बेहतर कर सकती है.