Crispy Corn recipe: शाम की चाय के साथ घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसा क्रिस्पी कॉर्न, बारिश का मजा होगा डबल
बारिश के मौसम में जब भी चटपटा खाने का मन होता है तो लोग पकौड़े बनाने लग जाते हैं. मगर आप चाहे तो घर पर ही रेस्टोरेंट जैसे स्वीट एंड स्पाइसी क्रिस्पी कॉर्न की रेसिपी ट्राई कर सकते हैं, जो खाने में लाजवाब और बनाने में भी आसान होती है.
Restaurant style crispy corn recipe: बारिश का मौसम आते ही कुछ गर्मागर्म और चटपटा खाने का मन अपने आप करने लगता है. इसके साथ ही इस मौसम में भुट्टा मिलना भी शुरू हो जाता है, जिसे बारिश की जान कहना भी गलत नहीं होगा. बारिश में भुट्टा खाने का अपना एक अलग ही मजा होता है और अगर आप भी भुट्टा खाने के शौकीन हैं, लेकिन हर बार सड़क किनारे मिलने वाले भुने भुट्टे से बोर हो गए हैं तो आप घर पर एक आसान और टेस्टी कॉर्न रेसिपी शेयर कर सकते हैं.
बाहर रिमझिम बारिश हो और हाथ में एक कप गर्म चाय हो, तो उसके साथ अगर रेस्टोरेंट स्टाइल क्रिस्पी कॉर्न मिल जाए तो मजा दोगुना हो जाता है. आप बेहद आसान तरीके से घर पर ही रेस्टोरेंट जैसा कुरकुरा और स्वादिष्ट क्रिस्पी कॉर्न तैयार कर सकते हैं. इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर के मसालों से ही यह झटपट बन जाता है.
सबसे पहले स्वीट कॉर्न को गर्म पानी में 4 से 5 मिनट तक उबाल लें. इससे कॉर्न हल्के नरम हो जाएंगे और फ्राई करने पर अंदर से जूसी और बाहर से क्रिस्पी बनेंगे.
अब उबले हुए कॉर्न को एक प्लेट में निकालें. इसमें एक चम्मच मैदा, स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि सभी कॉर्न पर मसाले की अच्छी कोटिंग हो जाए.
इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें और मसाला लगे हुए कॉर्न को डीप फ्राई करें. जब कॉर्न सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें निकालकर अलग रख दें.
अब एक पैन में आधा चम्मच तेल गर्म करें. इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर हल्का भून लें.
फिर बारीक कटा प्याज डालें और करीब 2 मिनट तक पकाएं. इसके बाद छोटे-छोटे टुकड़ों में कटी शिमला मिर्च डालकर भी 2 मिनट तक भूनें.
अब इसमें टमाटर सॉस, शेजवान चटनी, रेड चिली सॉस, सोया सॉस, काली मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
जब मसाला हल्का-सा तेल छोड़ने लगे, तब इसमें फ्राई किए हुए कॉर्न डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह टॉस करें, ताकि मसाला हर दाने पर अच्छी तरह चढ़ जाए.
आखिर में ऊपर से ताजा हरा धनिया डालकर गर्मागर्म सर्व करें. अगर आपको हल्का खट्टा स्वाद पसंद है, तो इसमें थोड़ा-सा नींबू का रस भी मिला सकते हैं. इससे क्रिस्पी कॉर्न का स्वाद और भी शानदार हो जाता है.
इस तरीके से करें सर्व
Advertisement
बारिश के मौसम में यह रेस्टोरेंट स्टाइल क्रिस्पी कॉर्न बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगा. इसे आप शाम की चाय, पार्टी स्नैक या वीकेंड स्पेशल डिश के रूप में भी परोस सकते हैं.