Ragi Moringa Roti Recipe: सर्दियों में नाश्ते में बनाएं रागी-सहजन की रोटी, स्वाद के साथ मिलेगा पोषण
Ragi Moringa Roti Recipe: सर्दियों में नाश्ते में रोज पराठे, पोहा या उपमा खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार रागी और सहजन के पत्तों की रोटी ट्राई करें. यह टेस्टी रोटी रागी के आटे, ताजे सहजन के पत्तों और कुछ मसालों से आसानी से तैयार हो जाती है. इसे हरी चटनी या दही के साथ गरमागरम परोस सकते हैं.
Ragi Moringa Roti Recipe: सर्दियों के मौसम में खानपान का खास ध्यान रखना जरूरी होता है. इस दौरान लोग ऐसी चीजें खाना पसंद करते हैं जो टेस्टी होने के साथ शरीर को जरूरी पोषण भी दें. खासकर सुबह के नाश्ते में अगर कुछ हेल्दी और पेट भरने वाला मिल जाए तो दिन की अच्छी शुरुआत हो जाती है. आमतौर पर लोग नाश्ते में पराठे, पोहा, उपमा या चीला खाते हैं लेकिन आप रोज एक जैसा नाश्ता करके बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं.
आप नाश्ते में रागी और सहजन के पत्तों से बनी रोटी शामिल कर सकते हैं. रागी को कैल्शियम और फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है, वहीं सहजन के पत्तों में भी कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं. इन दोनों को मिलाकर बनी रोटी स्वाद में लाजवाब होती है और इसे बनाना भी काफी आसान है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर में मौजूद कुछ मसालों और सब्जियों की मदद से आप इसे झटपट तैयार कर सकते हैं. इसे हरी चटनी, दही या टमाटर की चटनी के साथ परोस सकते हैं.
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में रागी का आटा लें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, सहजन के पत्ते, सूखी लाल मिर्च, नमक, कद्दूकस किया हुआ नारियल और लहसुन डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
अब इसमें थोड़ा-थोड़ा गर्म पानी डालते हुए नरम और चिकना आटा गूंथ लें. आटा गूंथते समय सहजन के पत्तों और लहसुन को हाथों से अच्छी तरह मसलते हुए मिलाएं, ताकि उनका स्वाद आटे में अच्छी तरह घुल जाए. इसके बाद आटे को ढककर करीब 30 मिनट के लिए रख दें.
अब एक प्लेट या किसी उल्टे बर्तन के नीचे गीला सूती कपड़ा बिछाएं. आटे की नींबू के आकार की लोई लें और हाथों पर थोड़ा तेल या पानी लगाकर कपड़े पर रखें. इसे हाथों से दबाते हुए पतली और गोल रोटी का आकार दें.
अब गीले कपड़े की मदद से रोटी को धीरे से गर्म तवे पर डालें और कपड़ा हटा दें. इसे मध्यम आंच पर करीब एक मिनट तक पकाएं. जब रोटी हल्की पक जाए, तो इसके किनारों और ऊपर थोड़ा तेल लगाएं. अब इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें. ध्यान रखें कि रोटी को धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं, ताकि यह अंदर तक अच्छी तरह पक जाए.
इसी तरह बाकी आटे से भी रोटियां तैयार कर लें. आपकी टेस्टी और पौष्टिक रागी-सहजन की रोटी तैयार है. तैयार गरमा-गरम रोटी को हरी चटनी, टमाटर की चटनी या दही के साथ परोसें.