scorecardresearch
 

How to Make Suji Upma: क्या आपका भी उपमा हलवे जैसा चिपचिपा हो जाता है? इस ट्रिक से हर बार बनेगा खिला-खिला और टेस्टी

How to Make Perfect Suji Upma: सूजी उपमा हेल्दी, टेस्टी और जल्दी बनने वाला नाश्ता है, जिसे लोग अक्सर सुबह के नाश्ते में खाना पसंद करते हैं. लेकिन कई बार सही तरीका न अपनाने की वजह से उपमा चिपचिपा और लसलसा बन जाता है. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर परफेक्ट उपमा बना सकते हैं.

Advertisement
X
हर बार बनेगा खिला-खिला सूजी उपमा (Photo-ITG)
हर बार बनेगा खिला-खिला सूजी उपमा (Photo-ITG)

How to Make Perfect Suji Upma: सुबह नाश्ते में उपमा खाना कई लोग पसंद करते हैं. यह हल्का होता है, आसानी से बन भी जाता है और टेस्टी भी होता है. लेकिन कई बार उपमा बनाने के बाद उसका टेक्सचर हलवे जैसा चिपचिपा हो जाता है, जिससे उसका स्वाद बिगड़ जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको उपमा बनाने का सही तरीका बताएंगे, जिससे आपका उपमा भी खिला-खिला और टेस्टी बनेगा.

इन गलतियों के कारण खराब होता है उपमा
अक्सर लोग सूजी को बिना भूने ही इस्तेमाल कर लेते हैं या फिर पानी का अंदाजा लगाकर डालते हैं. ऐसे में सूजी ज्यादा पानी सोख लेती है और उपमा लसदार व चिपचिपा बन जाता है. इसलिए परफेक्ट उपमा के लिए सही मात्रा में पानी डालना बेहद जरूरी है.

इन रेशियो से बनेगा खिला-खिला उपमा
अगर आप चाहते हैं कि उपमा हर बार दानेदार और खिला-खिला बने तो सूजी और पानी का अनुपात 1:3 रखें. यानी 1 कप सूजी के लिए 3 कप पानी का इस्तेमाल करें. वहीं, अगर आपको थोड़ा सूखा और दानेदार उपमा पसंद है तो 1 कप सूजी में 2.5 कप पानी भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

इन टिप्स को भी करें फॉलो

सूजी को पहले भून लें
उपमा बनाने से पहले सूजी को मीडियम गैस पर 4-5 मिनट तक सूखा भून लें. ध्यान रखें कि सूजी का रंग न बदले, बस उसमें से हल्की सोंधी खुशबू आने लगे. इससे उपमा चिपचिपा नहीं बनता.

Advertisement

पानी को अच्छी तरह उबालें
जब राई, करी पत्ता और सब्जियां भून जाएं, तब उसमें नापकर पानी डालें और उसे अच्छी तरह उबलने दें. इसी दौरान स्वादानुसार नमक और थोड़ा नींबू का रस भी मिला सकते हैं.

सूजी डालते समय लगातार चलाएं
पानी में उबाल आने के बाद गैस कम कर दें. अब धीरे-धीरे सूजी डालें और साथ ही लगातार चलाते रहें. ऐसा करने से उपमा में गांठें नहीं पड़ेंगी.

थोड़ा देसी घी डालें
सूजी डालने के बाद 1 छोटा चम्मच देसी घी डाल दें. इससे उपमा का स्वाद बढ़ता है और दाने आपस में नहीं चिपकते.

पकने के बाद कुछ देर ढककर रखें
जब सूजी सारा पानी सोख ले तो गैस बंद कर दें और बर्तन को 5 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें. भाप में पकने से उपमा का हर दाना अच्छी तरह खिल जाता है.

इसके बाद फॉर्क या कलछी की मदद से उपमा को हल्के हाथों से चलाएं और ऊपर से ताजा नारियल व हरा धनिया डालकर सर्व करें. अगली बार जब भी उपमा बनाएं, इस टिप्स को जरूर अपनाएं. इससे आपका उपमा हर बार टेस्टी और एकदम खिला-खिला बनेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement