Gujarati Padwali Roti Recipe: दो पतली परतों से बनती है गुजराती पड़वाली रोटी, जानें बनाने का आसान तरीका
Gujarati Padwali Roti Recipe: रोजाना एक जैसी रोटी खाकर अगर आप बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो गुजराती पड़वाली रोटी बना सकते हैं. यह दिखने में आम रोटी जैसी लगती है लेकिन इसकी खासियत है इसकी दो पतली परतें. आज हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Gujarati Padwali Roti Recipe: भारत में खान-पान की विविधता के साथ रोटियों की भी कई वैरायटी देखने को मिलती हैं. कहीं मक्के की रोटी पसंद की जाती है तो कहीं बाजरे और ज्वार की रोटी बड़े चाव से खाई जाती है. वहीं, गुजरात की पड़वाली रोटी अपनी खास बनावट और मुलायम स्वाद के लिए जानी जाती है. इसे पदवाली, दूधपड़, दोहरी, दोस्ती या बेपड़ी रोटी के नाम से भी जाना जाता है. इस रोटी की खासियत है इसकी दो पतली परतें जो पकने के बाद आसानी से अलग हो जाती हैं.
दिखने में यह आम रोटी जैसी लगती है लेकिन खाने में बेहद नरम और हल्की होती है. इसे बनाने के लिए आटे की दो छोटी रोटियों के बीच तेल और सूखा आटा लगाया जाता है. इस रोटी का स्वाद दाल, सब्जी या पनीर की करी के साथ और भी बढ़ जाता है. तो अगर आप भी रोजाना की रोटी से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो गुजराती पड़वाली रोटी बना सकते हैं.
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें नमक और 2 बड़े चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम और लचीला आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो, क्योंकि नरम आटे से रोटी आसानी से पतली बेल पाएंगे. आटे को ढककर 15-20 मिनट के लिए रख दें.
अब आटे से नींबू के आकार की दो बराबर लोइयां बना लें. दोनों को हल्का चपटा करके करीब 3 इंच के आकार में छोटी रोटी की तरह बेल लें. इसके बाद एक बेली हुई रोटी पर थोड़ा सा तेल लगाएं और ऊपर से हल्का सूखा आटा छिड़क दें. अब दूसरी रोटी को इसके ऊपर रखें और किनारों को उंगलियों से हल्का दबाकर बंद कर दें.
दोनों रोटियों को एक साथ रखें और उन पर थोड़ा सूखा आटा लगाकर धीरे-धीरे बेलें. इसे जितना हो सके उतना पतला और बड़ा बेल लें. इसकी मोटाई रुमाली रोटी जैसी रख सकते हैं.
अब तवे को मीडियम आंच पर गर्म करें और उस पर बेली हुई रोटी डाल दें. जब रोटी की ऊपरी सतह पर छोटे-छोटे बुलबुले दिखाई देने लगें, तो इसे पलट दें. दूसरी तरफ से भी कुछ सेकंड तक हल्का सेंकें. ध्यान रखें कि रोटी को ज्यादा देर तक नहीं पकाना है, वरना यह सख्त हो सकती है.
रोटी को तवे से उतारते ही इसकी दोनों परतों को धीरे-धीरे अलग कर लें. बीच में तेल और सूखा आटा लगाने की वजह से ये परतें आसानी से खुल जाएंगी. आखिर में ऊपर से थोड़ा घी लगाएं और गरमा-गरम पड़वाली रोटी को दाल या सब्जी के साथ परोसें.