न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है. विकेटकीपर बल्लेबाज डेवोन कॉनवे चोटिल होने के कारण पहले वनडे से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह टिम सीफर्ट को मौका मिलेगा.
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज डेवोन कॉनवे भारत के खिलाफ बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड में खेले जाने वाले पहले वनडे मुकाबले से बाहर हो गए हैं. मंगलवार को ईडन पार्क में अभ्यास सत्र के दौरान साथी खिलाड़ी मैट हेनरी से टकराने के बाद उन्हें कन्कशन (सिर में चोट) हो गया. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में कन्कशन की पुष्टि हुई.
न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने बयान जारी कर कॉनवे के पहले वनडे से बाहर होने की पुष्टि की. टीम के कप्तान मिचेल सेंटनर ने बताया कि इस टक्कर में हेनरी भी शामिल थे, लेकिन वह ठीक हैं.
हवा में कैच लेने की कोशिश में हुआ हादसा
यह हादसा उस समय हुआ, जब कॉनवे और मैट हेनरी अभ्यास के दौरान हवा में जा रहे कैच को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान दोनों खिलाड़ी आपस में टकरा गए. मैदान पर मौजूद मेडिकल स्टाफ ने तुरंत दोनों की जांच की. इसके बाद हेड इंजरी असेसमेंट भी किया गया.
सेंटनर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मैट हेनरी का कन्कशन टेस्ट हुआ है. वह ठीक नजर आ रहे हैं, लेकिन डेवोन को आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. यह टक्कर देखने में अच्छी नहीं लग रही थी.'
टिम सीफर्ट को मिलेगा मौका
कॉनवे के बाहर होने के बाद न्यूजीलैंड की टीम में टिम सीफर्ट उनकी जगह लेंगे. सेंटनर ने संकेत दिया कि सीफर्ट को सीधे प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है.
उन्होंने कहा, 'वह हमारी टीम में बैकअप बल्लेबाज हैं, इसलिए डेवोन उपलब्ध नहीं होते हैं तो उनकी जगह सीधा बदलाव होगा. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. सीफर्ट वनडे क्रिकेट में काफी अच्छे खिलाड़ी हैं. टी20 सीरीज में वह अपने मौके का इंतजार कर रहे थे.'
NZC ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों पर मेडिकल टीम नजर बनाए रखेगी. सीरीज के बाकी मुकाबलों में उनकी उपलब्धता को लेकर बाद में अपडेट दिया जाएगा.
गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-2 से जीती थी. हालांकि, न्यूजीलैंड ने आखिरी के दो मुकाबले जीतकर शानदार वापसी की थी. अब दोनों टीमें वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी. पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा.