scorecardresearch
 

Aloo Chop Recipe: समोसे-कचौड़ी का स्वाद लगेगा फीका! जब शाम के नाश्ते में बनाएंगे गरमा-गरम आलू चॉप, रेसिपी है आसान

Aloo Chop Recipe: अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा और टेस्टी खाना चाहते हैं तो आलू चॉप एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. बाहर मिलने वाले स्नैक्स की बजाय आप इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. आज हम आपको टेस्टी आलू चॉप बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.

Advertisement
X
मार्केट जैसे क्रिस्पी आलू चॉप घर पर कैसे बनाएं (Photo-ITG)
मार्केट जैसे क्रिस्पी आलू चॉप घर पर कैसे बनाएं (Photo-ITG)

Aloo Chop Recipe: अगर आप शाम में हर दिन समौसे-कचौड़ी खाकर बोर हो गए हैं और कुछ अलग व टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो आलू चॉप एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. पूर्वी भारत, खासकर पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में इसे 'आलू चॉप' कहा जाता है, जबकि देश के कई अन्य हिस्सों में इसे 'आलू बोंडा' के नाम से जाना जाता है. बाहर से एकदम कुरकुरा और अंदर से चटपटे आलू के मसाले से भरा यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है.

सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में न तो ज्यादा समय लगता है और न ही ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. आइए जानते हैं कि घर पर मार्केट जैसी कुरकुरी और टेस्टी आलू चॉप कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है. 

इंग्रेडिएंट्स (ingredients)

2 बड़े उबले आलू
100 ग्राम बेसन
2 बड़े चम्मच कॉर्न फ्लोर
3 छोटे चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
1 बारीक कटा प्याज
1/2 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
2 बारीक कटी हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
2 बड़े चम्मच कटा हरा धनिया
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
तेल आवश्यकतानुसार
नमक स्वादानुसार

आलू चॉप बनाते कैसे हैं?

  1. आलू चॉप बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलुओं को छीलकर एक बड़े बाउल में अच्छी तरह मैश कर लें.
  2. अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर इसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर 1-2 मिनट तक भूनें.
  3. अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. फिर मैश किए हुए आलू डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें और 2-3 मिनट तक भूनें. इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने के लिए रख दें.
  4. अब एक दूसरे बाउल में बेसन, कॉर्न फ्लोर और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार कर लें. ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा.
  5. इसके बाद आलू के मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें. अब हर टिक्की को बेसन के घोल में डुबोएं.
  6. एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर टिक्कियों को उसमें डालें और मीडियम गैस पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.
  7. तैयार आलू चॉप को प्लेट में निकालें और हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ गरमा-गरम परोसें.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement