scorecardresearch
 

स्टोर रूम में धूल खा रहे पुराने सूटकेस को फेंकें नहीं, आसानी से बनाएं साइड टेबल; घर को मिलेगा रॉयल लुक

क्या आपके घर में भी पुराना सूटकेस धूल खा रहा है? अगर आप उसे फेंकने का मन बना रहे हैं, तो रुक जाएं. उसे फेंकने के बजाय आप आसानी से विंटेज और स्टाइलिश साइड टेबल बना सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे कम खर्चे में डेकोरेशन और स्टोरेज दोनों का काम आसान हो सकता है.

Advertisement
X
पुराने सूटकेस को साइड टेबल बनाकर आप उसमें कई चीजें आसानी से स्टोर भी कर सकते हैं. (Photo: ITG)
पुराने सूटकेस को साइड टेबल बनाकर आप उसमें कई चीजें आसानी से स्टोर भी कर सकते हैं. (Photo: ITG)

How To Reuse Old Suitcase: कई बार घर में ऐसी चीजें होती हैं, जिन्हें आप इस्तेमाल करना छोड़ देते हैं. ये बेकार पड़ी रहती हैं, लेकिन फिर भी इन चीजों को फेंकने का मन नहीं करता है. इन्हीं चीजों में पुराना सूटकेस भी शामिल हैं. ज्यादातर घरों में पुराने सूटकेस रखे होते हैं, जिन्हें ना तो अब कोई इस्तेमाल करता है और ना ही उन्हें फेंका जा सकता है. क्या आपके घर में भी कोई पुराना सूटकेस रखा है, जो अब काम का नहीं रहा है?

अगर हां और वो अलमारी या स्टोर रूम में धूल खा रहा है, तो उसे फेंकने की जरूरत नहीं है. थोड़ी सी क्रिएटिविटी से यही पुराना सूटकेस आपके घर का सबसे यूनिक फर्नीचर बन सकता है. आप इसे एक खूबसूरत साइड टेबल में बदल सकते हैं, जो देखने में स्टाइलिश होने के साथ-साथ सामान रखने के भी काम आएगी. खास बात ये है कि इसे तैयार करने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत या खर्च की जरूरत नहीं पड़ेगी. चलिए जानते हैं कैसे आप अपने पुराने पड़े सूटकेस को साइड टेबल में बदल सकते हैं.

पुराने सूटकेस से साइड टेबल क्यों बनाएं?
आजकल घर की डेकोरेशन में पुरानी चीजों को नए अंदाज में इस्तेमाल करने का ट्रेंड काफी पॉपुलर हो रहा है. पुराने सूटकेस से बनी टेबल आपके कमरे को एक अलग विंटेज और क्लासी लुक दे सकते हैं. इसके अंदर आप किताबें, चादरें, कंबल, चार्जर या दूसरी छोटी-बड़ी चीजें भी रख सकते हैं. यानी एक ही चीज से डेकोरेशन और स्टोरेज, दोनों का काम हो जाएगा.

साइड टेबल बनाने के लिए जरूरी सामान

  • पुराना हार्ड-शेल या विंटेज सूटकेस
  • 4 फर्नीचर लेग्स
  • माउंटिंग प्लेट्स
  • स्क्रू
  • स्क्रूड्राइवर
  • मेजरिंग टेप
  • पेंसिल
  • सैंडपेपर
  • वुड पॉलिश या क्लियर वार्निश (ऑप्शनल)

बनाने का तरीका:

1. सूटकेस को टेबल में बदलने से पहले उसकी सफाई करना जरूरी है. गीले कपड़े और हल्के साबुन से इसकी धूल-मिट्टी साफ करें. अगर सूटकेस से पुरानी या सीलन की बदबू आ रही है, तो इसे एक दिन के लिए खुली और हवादार जगह पर रख दें.

2. बदबू दूर करने के लिए अंदर थोड़ा बेकिंग सोडा डालकर करीब एक दिन के लिए छोड़ सकते हैं. इसके बाद बेकिंग सोडा निकालकर सूटकेस को अच्छी तरह साफ कर लें.

3. इसके साथ ही, ये भी देख लें कि सूटकेस के लॉक, हैंडल, कब्जे या दूसरे हिस्से ढीले तो नहीं हैं. जरूरत हो तो पहले उन्हें ठीक कर लें.

4. सूटकेस को उल्टा करके किसी फ्लैट जगह पर रखें. अब मेजरिंग टेप की मदद से चारों पैरों की जगह बराबर दूरी पर नापकर पेंसिल से निशान लगा दें. ध्यान रखें कि चारों पैर सही जगह पर हों, वरना तैयार हुई टेबल हिल सकती है.

Advertisement

5. निशान वाली जगह पर माउंटिंग प्लेट को स्क्रू की मदद से फिट करें. इसके बाद इन्हीं प्लेट्स पर फर्नीचर के पैर लगा दें. टेबल सीधी है या नहीं, ये चेक करने के लिए लेवल का इस्तेमाल करें.

6. अगर एडजस्ट होने वाले पैर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो फर्श थोड़ा ऊंचा-नीचा होने पर भी टेबल को आसानी से सीधा किया जा सकता है.

7. अगर सूटकेस के किनारे थोड़े खुरदरे हैं, तो सैंडपेपर से उन्हें घिसकर चिकना कर लें. इसके बाद आप सूटकेस को अपनी पसंद के हिसाब से पेंट या पॉलिश कर सकते हैं.

8. इसे और खूबसूरत बनाने के लिए पुराने मेटल लाच की जगह नए लाच लगा सकते हैं या कोनों पर डेकोरेटिव प्रोटेक्टर भी लगा सकते हैं.

ऐसे करें इस्तेमाल
तैयार की गई साइड टेबल को सोफे या बेड के पास रखा जा सकता है. इसके ऊपर टेबल लैंप, छोटी सजावटी चीजें, मोमबत्तियां या किताबें रख सकते हैं. सूटकेस के अंदर छोटे बॉक्स रखकर चार्जर, किताबें, चादरें, कंबल या दूसरी चीजें ऑर्गेनाइज्ड तरीके से रखी जा सकती हैं. इस तरह कमरे में बिखरा सामान भी कम होगा और जगह भी खूबसूरत दिखेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement