ज्यादातर लड़कियों को काजल लगाना बहुत पसंद होता है. काजल लगाने से आंखें खूबसूरत और बड़ी नजर आती हैं. कई लड़कियों पर तो काजल इतना अच्छा लगता है कि अगर वे एक भी दिन काजल न लगाएं तो लगता है कि चेहरा मुर्झा गया है.
लेकिन काजल लगाना भी एक कला है. काजल के स्ट्रोक किस तरह लगाए जाएं, यह बहुत अहम होता है. हालांकि सिर्फ सही तरीके से काजल लगा लेना ही पर्याप्त नहीं है. काजल फैल जाए तो पूरा मेकअप खराब लगने लग जाता है. ऐसे में आप चाहें तो इन उपायों को अपनाकर अपने काजल को फैलने से रोक सकती हैं.
1. काजल लगाने से पहले बहुत जरूरी है कि आप अपना चेहरा टोनर से साफ कर लें. इससे त्वचा पर मौजूद तेल साफ हो जाएगा जिससे काजल के फैलने का डर कम हो जाएगा.
2. काजल लगाने से पहले आप चाहें तो आंखों के नीचे ब्रश या स्पंज की मदद से पाउडर लगा सकती हैं.
3. हमेशा वाटर प्रूफ काजल का इस्तेमाल करें. वाटरप्रूफ काजल फैलता भी नहीं है और लंबे समय तक टिका भी रहता है.
4. आईलाइनर लगाकर काजल लगाने से यह कम फैलता है.