
Martand Singh Rhea Badal Anand Karaj Look: जम्मू-कश्मीर के शाही परिवार में हुई राजकुमार मार्तेंड सिंह और रिया बादल की शादी इन दिनों सुर्खियों में है. पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की बेटी रिया अब राजघराने की बहू बन चुकी हैं. मार्तेंड सिंह और रिया बादल को शादी में पीएम मोदी भी आशीर्वाद देने पहुंचे थे, अब शादी के बाद नई दिल्ली में पंजाबी रीति-रिवाज से हुए आनंद कारज की तस्वीरें सामने आई हैं.
जहां पहले रिया ने रेड लहंगे में अपना राजश्री अंदाज दिखाया था, वहीं आनंद कारज में उनका ग्लैम लुक देखने को मिला. दूलहे राजा भी गोल्डन शेरवानी में काफी जंच रहे हैं, खासतौर पर रिया के नए लुक की खूब चर्चा हो रही है.
पीच-ऑरेंज लहंगे में दिखा रॉयल अंदाज
आनंद कारज के लिए रिया ने सॉफ्ट पीच और ऑरेंज शेड का हैवी ब्राइडल लहंगा पहना. उनके लहंगे पर बारीक फ्लोरल एम्ब्रॉयडरी की गई है, जिसे बेल और फूलों के डिजाइन से सजाया गया है. इसके साथ जगह-जगह सेक्विन वर्क किया गया है, जो लहंगे को शाइन दे रहा है.
रिया ने इसके साथ मैचिंग ब्लाउज पहना, जिसकी स्लीव्स और बॉर्डर पर बारीक कढ़ाई के साथ बीड्स की डिटेलिंग है. रिया ने अपने ब्राइडल लहंगे के साथ दो मैंचिग दुपट्टे कैरी किए. एक दुपट्टे को उन्होंने सिर पर घूंघट की तरह ओढ़ा, जिसके बॉर्डर पर हैवी कढ़ाई और सजावट है. वहीं, दूसरे दुपट्टे को कंधे पर प्लीट्स बनाकर ड्रेप किया.
हीरे-पन्ने की जूलरी ने बढ़ाई खूबसूरती
पीच कलर के लहंगे के साथ रिया ने डायमंड और एमराल्ड यानी हीरे-पन्ने की जूलरी पहनी. गले में हरे पन्नों से सजा डायमंड नेकलेस, मैचिंग इयररिंग्स और मांग टीका उनके लुक को रॉयल बना रहे हैं. वहीं, हाथों में मेहंदी, लाल चूड़ियां और गोल्डन कंगन उनके ब्राइडल लुक को कंप्लीट किया.

गोल्डन शेरवानी में दिखे राजकुमार मार्तेंड
दूल्हे राजा मार्तेंड सिंह ने आनंद कारज के लिए गोल्डन कलर की ट्रेडिशल शेरवानी पहनी थी. उनकी शेरवानी पर टेक्स्चर्ड डिजाइन बना था. इसके साथ कंधे पर रॉयल सैश, पर्ल लेयर्ड नेकलेस, चूड़ीदार और गहरे गुलाबी रंग की पगड़ी पहनी. उनका यह अंदाज रिया के पीच-ऑरेंज लहंगे के साथ खूबसूरत लग रहा था.
रिया के माता-पिता भी दिखे पारंपरिक अंदाज में
बेटी के आनंद कारज में मनप्रीत सिंह बादल सॉफ्ट पिंक बंदगला शेरवानी और मैचिंग पगड़ी में नजर आए. वहीं, उनकी मां ने पेस्टल पीच रंग का शरारा सेट पहना, जिस पर गोल्डन एम्ब्रॉयडरी की गई थी. आनंद कारज की फोटोज में दूल्हा-दुल्हन दोनों फेरे लेते दिखाई दे रहे हैं और इस शाही शादी में कई रॉयल फैमिली और जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थी.