कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में एक गांव के 8 लोगों की नदी में डूबकर मौत हो गई. ये सभी लोग नदी में सीप (मसल्स) इकट्ठा करने गए थे, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और एक के बाद एक कई लोग बह गए. मरने वालों में 7 महिलाएं शामिल हैं. 2 लोग अभी भी लापता हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और विपक्ष के नेता आर. अशोका ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई.
क्या हुआ नदी में?
ये लोग नदी में उतरे और धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ बढ़ते गए. पर उन्होंने सही से अंदाजा नहीं लगाया कि पानी कितना गहरा है और बहाव कितना तेज हो सकता है. तभी अचानक नदी का बहाव बहुत तेज हो गया. इलाके में बारिश हो रही थी, जिसकी वजह से नदी का पानी अचानक बढ़ गया. पहले एक या दो लोग पानी के तेज बहाव में बह गए.
फिर हुई सबसे बड़ी गलती
जब कुछ लोग बहते दिखे तो बाकी लोग उन्हें बचाने के लिए खुद भी नदी में कूद पड़े. लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वो भी उसमें फंस गए. एक के बाद एक कई लोग डूबने लगे. बचाने की कोशिश में खुद बचाने वाले भी फंस गए.
कौन-कौन मारा गया?
पुलिस ने अब तक 8 शव निकाले हैं. मरने वालों की पहचान हो चुकी है.
8 में से 7 महिलाएं हैं. सभी शिराली गांव के ही हैं.
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में 60% बढ़ी न्यूनतम मजदूरी, सरकार ने खत्म किया वर्गीकरण का सिस्टम
2 अभी भी लापता
8 शव मिल चुके हैं लेकिन 2 लोग अभी भी नदी में लापता हैं. पुलिस, रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग मिलकर नदी में तलाश कर रहे हैं.
2 लोग बचाए गए
नागरत्ना और महादेवी नाम की दो महिलाओं को बचाया जा सका. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ये लोग अनुभवी थे, फिर भी हादसा
पुलिस ने बताया कि जो लोग मारे गए, उनमें से कई पहले भी यह काम कर चुके थे. यह उनके लिए नई बात नहीं थी. लेकिन इस बार बारिश की वजह से नदी का पानी अचानक और तेज हो गया, जो शायद उन्होंने भांपा नहीं. यह भी अभी साफ नहीं हुआ है कि मरने वालों में से कितने लोगों को तैरना आता था.
नेताओं ने जताया दुख
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया. उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह बेहद दर्दनाक और दुखद घटना है. उन्होंने हर मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और विपक्ष के नेता आर. अशोका ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई.
PM मोदी ने भी किया ऐलान
पीएमओ इंडिया की तरफ से बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि वो उन सभी लोगों के प्रति संवेदना रखते हैं जिन्होंने अपने परिजन खोए. PM मोदी ने PMNRF (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का ऐलान किया.