बेंगलुरु में 8 अक्टूबर को SIR के विरोध में होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल होंगे. राठी बेंगलुरु पहुंच चुके हैं. ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर इस बात की पुष्टि की. वीडियो में उन्होंने बेंगलुरु और दिल्ली दोनों जगह प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की.
दीपके द्वारा शेयर किए गए और ध्रुव राठी द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में राठी ने कहा, 'नमस्कार दोस्तों. यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है. कल 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में मिलते हैं. और जो लोग दिल्ली में रह रहे हैं, वे 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आना मत भूलना.'
ध्रुव राठी एक फेमस यूट्यूबर हैं. वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों से जुड़े वीडियो के लिए जाने जाते हैं. हरियाणा में जन्मे राठी ने जर्मनी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है.
अभिजीत दिपके के नेतृत्व वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' द्वारा 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे फ्रीडम पार्क में एक विशाल विरोध प्रदर्शन और 'पीपुल्स ट्रिब्यूनल' का आयोजन किया गया है. दिपके उन स्थानीय निवासियों से बातचीत करेंगे जिनके नाम वोटर लिस्ट से कथित तौर पर गलत तरीके से हटाए गए हैं. इसके बाद गुरुवार सुबह वे फ्रीडम पार्क में एक 'चप्पल प्रदर्शन' का नेतृत्व करेंगे.
इससे पहले बुधवार सुबह एक्टर प्रकाश राज ने एक्स पर एक वीडियो शेयर कर खुलासा किया कि प्रदर्शन में एक सरप्राइज गेस्ट शामिल होने वाला है. उन्होंने ध्रुव राठी का परिचय देते हुए कहा, 'सुबह के वीडियो में मैंने एक खास मेहमान का वादा किया था. वह खास मेहमान ध्रुव राठी हैं और यह बेंगलुरु में उनका पहला दौरा है.' प्रकाश राज ने लोगों से बड़ी संख्या में फ्रीडम पार्क पहुंचने की अपील भी की.
दिपके का 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान
बेंगलुरु के बाद अभिजीत दिपके 10 अक्टूबर को दिल्ली में भी प्रदर्शन करने वाले हैं. वह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने की बात कह चुके हैं. CJP और उससे जुड़े प्रदर्शनकारी SIR के दौरान वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठा रहे हैं और हटाए गए नामों को वापस जोड़ने की मांग कर रहे हैं. हालांकि, मतदाता सूची में नाम हटाए जाने और SIR प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग पक्षों के अपने दावे हैं.