बेंगलुरु में BMTC (बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) की एक बस में महिला यात्री के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. घटना 24 जुलाई की बताई जा रही है. हालांकि, मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
जानकारी के मुताबिक BMTC की बस हेब्बल से मन्यता की ओर जा रही थी. इसी दौरान बस में सफर कर रही एक महिला ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने उसके साथ अनुचित हरकत की. महिला ने तुरंत आरोपी का विरोध किया और बस में ही उसका सामना किया. महिला के विरोध के बाद बस में कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई.
घटना का वीडियो भी हो रहा है वायरल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामला बढ़ता देख बस चालक ने बीच-बचाव किया. आरोप है कि ड्राइवर ने आरोपी को डांटते हुए उसकी पिटाई भी की और फिर उसे बस से नीचे उतार दिया. बस में मौजूद अन्य यात्रियों ने भी महिला का समर्थन किया, जिसके बाद आरोपी को बस से बाहर कर दिया गया. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बस के अंदर बहस और ड्राइवर द्वारा हस्तक्षेप करते हुए आरोपी को नीचे उतारते हुए देखा जा सकता है.
हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. फिलहाल इस मामले में पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है. ऐसे में किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि यदि पीड़िता शिकायत दर्ज कराती है या कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.