बेंगलुरु के आरआर नगर में पॉपुलर कन्नड़ एक्ट्रेस कृषि थापंडा के घर पर एक 45 साल के व्यक्ति ने सुसाइड कर लिया है. मृतक का शव घर के भीतर फंदे से लटका हुआ पाया गया है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृत व्यक्ति की पहचान वैशाक उपाध्याय (उम्र 45 वर्ष) के तौर पर की गई है. वैशाक बुधवार देर रात बंगरप्पा गुड्डा के पास स्थित 'एलिगेंट टेरेस' अपार्टमेंट के एक फ्लैट में मृत अवस्था में पाया गया.
मृतक की शादीशुदा जिंदगी में अनबन चल रही थी. इसकी वजह से वो एक्ट्रेस कृषि थापंडा के घर पर आकर रुके हुए थे. उनकी मौत की जानकारी मिलने के बाद आरआर नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया.
वैशाक के परिवार में उनकी पत्नी और एक 14 साल का बेटा है. सूत्रों ने बताया कि वैशाक और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से अक्सर काफी झगड़े होते रहते थे. ऐसे में वो कई बार एक्ट्रेस कृषि थापंडा के घर पर आकर रहा करते थे.
बिजनेसमैन को धमकी देने के आरोप में हो चुकी थी गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि बिजनेसमैन एवीआर रेड्डी ने एक केस दर्ज कराया था जिसके बाद से वैशाक और उनकी पत्नी के बीच विवाद काफी ज्यादा बढ़ गए थे. वैशाक को इससे पहले बिजनेसमैन एवीआर रेड्डी को कथित तौर पर धमकी देने के एक मामले में पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था. वैशाक के खिलाफ ये मामला एचएएल (HAL) पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया था. इसके बाद से ही वो काफी तनाव में थे.
घटना के वक्त अपार्टमेंट में मौजूद नहीं थीं एक्ट्रेस
इस बीच, पुलिस ने जानकारी दी है कि जब ये घटना घटी, उस समय एक्ट्रेस कृषि थापंडा अपने इस अपार्टमेंट में मौजूद नहीं थीं. वो इस समय महादेवपुरा के पास स्थित 'क्षेमवन' में हैं. वहां वो एक मेडिटेशन प्रोग्राम में हिस्सा लेने के लिए गई हुई थीं.
यह भी पढ़ें: झूठे केस और धमकी से परेशान युवक ने की आत्महत्या, वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
अब आरआर नगर पुलिस इस समय वैशाक की मौत के कारणों और सभी परिस्थितियों की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है.