इजरायल में मंगलवार को चुनाव होने हैं. माना जा रहा है कि इस बार इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को कड़ी टक्कर मिल रही है. बताया जा रहा है कि इस बार किसी भी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना कम दिख रही है. इजरायली संसद 'नेसेट' के चुनाव से पहले नेतन्याहू की काफी चर्चा हो रही है. उनके फैसलों के बारे में तो आपने बहुत कुछ सुना होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कई साल तक इजरायल के पीएम रहने वाले नेतन्याहू की सैलरी कितनी है?
2026 के शुरुआत में सामने आई एक रिपोर्ट में बताया गया था कि देश में उच्च पदों पर आसीन लोगों के वेतन में अगले महीने से बढ़ोतरी होने वाली है और यह बढ़ोतरी मामूली नहीं थी. दरअसल, युद्ध की वजह से वरिष्ठ अधिकारियों की सैलरी बढ़ाई नहीं गई थी. दो साल तक एक ही सैलरी रहने के बाद सभी की सैलरी बढ़ गई है. इजरायल में पहले प्रधानमंत्री से ज्यादा सैलरी सुप्रीम कोर्ट चीफ को मिलती थी, लेकिन अब राष्ट्रपति की सैलरी ज्यादा हो गई है.
इजरायली मीडिया के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सैलरी 2025 तक 55,812 शेकेल थी, जो 6,000 शेकेल बढ़नी थी. ऐसे में अब ये सैलरी 61,491 शेकेल हो गई होगी. अगर भारतीय रुपयों के हिसाब से देखें तो नेतन्याहू की सैलरी करीब 18 लाख रुपये होगी. वहीं, इजरायल के राष्ट्रपति यित्ज़ाक बोज़ी हर्ज़ोग की सैलरी 64,564 शेकेल ये बढ़कर 71,082 शेकेल हो गई है यानी करीब 21 लाख रुपये.
बता दें कि हाल में जिन लोगों की सैलरी बढ़ाई गई है, उनमें सरकारी मंत्री भी शामिल हैं, जिनका वेतन 49,850 शेकेल से बढ़कर 54,957 शेकेल (16 लाख रुपये) हो गया है. वहीं, जो उप-मंत्री हैं उनकी सैलरी 48,000 शेकेल हो गई है. कुछ महीने पहले सिर्फ संसद सदस्यों के वेतन पर लगी रोक ही खत्म हुई थी.
इस बार का चुनाव है खास
देश के इतिहास के इस चुनाव कोसबसे अहम चुनावों में से एक माना जा रहा है. यह 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हमास के हमलों और उसके बाद पूरे इलाके - गाजा, ईरान, लेबनान, सीरिया और यमन में हुए युद्धों के बाद पहला चुनाव है. इस बार चुनाव मैदान में बेंजामिन नेतन्याहू के सामने कई बड़े चेहरे हैं, जिनमें गादी आइजेनकोट, नफ्ताली बेनेट, येर गोलान आदि शामिल है.