scorecardresearch
 

'मेरी मम्मी को उठा दो...' लाश के पास बैठी हाथ जोड़ती रही 6 साल की मासूम, JCB ने रौंदा था महिला को

रुद्रपुर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद सामने आई 6 वर्षीय बच्ची की मासूम पुकार ने हर किसी को भावुक कर दिया है. मां की मौत से अनजान बच्ची शव के पास खड़ी होकर लोगों से हाथ जोड़कर उसे उठाने की गुहार लगाती रही. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की आंखें नम हो गई हैं.

Advertisement
X
लाश के पास बैठी हाथ जोड़ती रही 6 साल की मासूम (Photo: itg)
लाश के पास बैठी हाथ जोड़ती रही 6 साल की मासूम (Photo: itg)

कभी-कभी एक तस्वीर या कुछ सेकेंड का वीडियो उन दर्दनाक सच्चाइयों को बयां कर देता है, जिन्हें शब्दों में पूरी तरह व्यक्त कर पाना मुश्किल होता है. उत्तराखंड के उधम सिंह नगर मुख्यालय रुद्रपुर से सामने आई ऐसी ही एक घटना ने लोगों को भीतर तक झकझोर दिया है. सड़क हादसे में मां की मौत के बाद उसकी छह वर्षीय बेटी सड़क पर पड़े शव के पास खड़ी होकर लोगों से हाथ जोड़कर अपनी मां को उठाने की गुहार लगाती रही.

जेसीबी की चपेट में आई महिला

यह दर्दनाक घटना रुद्रपुर के दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर विशाल मेगा मार्ट के सामने हुई. जानकारी के मुताबिक, तीन दिन पहले विमला देवी अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ बाजार से लौट रही थीं. सड़क पार करते समय बच्ची आगे निकल गई, जबकि विमला देवी के कपड़े डिवाइडर की ग्रिल में उलझ गए. संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ीं और उसी दौरान वहां से गुजर रही जेसीबी की चपेट में आ गईं.

शव के पास लोगों को हाथ जोड़ती रही बच्ची

हादसा इतना गंभीर था कि विमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई. मां को सड़क पर पड़ा देखकर मासूम बच्ची घबरा गई. वायरल हो रहे करीब नौ सेकेंड के वीडियो में वह रोते हुए लोगों के सामने हाथ जोड़कर अपनी मां को उठाने की विनती करती दिखाई दे रही है. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.

Advertisement

शव के पास बिलखती रही बच्ची

प्रत्यक्षदर्शियों ने बच्ची को शव के पास से हटाया और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मृतका के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई. बताया जा रहा है कि मृतका विमला देवी, अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया क्षेत्र की रहने वाली थीं. वह रुद्रपुर में कंचन तारा इलाके के पास किराए के मकान में रहती थीं और अपनी बेटी के साथ बाजार गई थीं. वापस लौटते समय यह हादसा हो गया.

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सड़क पार करते समय जेसीबी की चपेट में आने से महिला की मौत हुई थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है. घटना के बाद से वायरल हो रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है. मासूम बच्ची की बेबसी और मां को जगाने की उसकी कोशिश ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement