scorecardresearch
 

4 दोस्तों ने लगाई शर्त और कूद गए गंगा में, पानी के बीच पहुंचे तो लगे चिल्लाने

टिहरी गढ़वाल में गंगा नदी को तैरकर पार करने की शर्त चार युवकों पर भारी पड़ गई. तेज बहाव और गहराई के कारण वे बीच धारा में फंस गए और मदद की गुहार लगाने लगे. सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

Advertisement
X
4 दोस्तों ने लगाई शर्त और कूद गए गंगा में, मरते- मरते बचे (Photo: itg)
4 दोस्तों ने लगाई शर्त और कूद गए गंगा में, मरते- मरते बचे (Photo: itg)

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में गंगा नदी को तैरकर पार करने की शर्त हरियाणा से आए चार युवकों को भारी पड़ गई. जोश में आकर नदी में उतरे चारों युवक कुछ ही दूरी तय करने के बाद तेज बहाव और गहराई के सामने बेबस हो गए. बीच धारा में पहुंचते ही उनकी ताकत जवाब दे गई और वे मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे. समय रहते जल पुलिस की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया.

जानकारी के अनुसार मंगलवार को हरियाणा के हिसार जिले के ग्राम बामडोली निवासी 19 साल के सुरेंद्र सिंह, 19 साल के नीतीश , 20 साल के आनंद और 19 साल के आजाद , लक्ष्मणझूला क्षेत्र स्थित स्वर्गाश्रम घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे. स्नान के दौरान चारों दोस्तों के बीच गंगा नदी पार करने की शर्त लग गई. बिना नदी की गहराई और तेज बहाव का आकलन किए उन्होंने गंगा में छलांग लगा दी.

करीब 50 मीटर आगे बढ़ते ही चारों युवक थकने लगे और तेज धारा में संतुलन खो बैठे. देखते ही देखते वे बीच नदी में फंस गए और जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाने लगे. युवकों को धारा में बहता देख घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. किसी बड़े हादसे की आशंका से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

Advertisement

सूचना मिलते ही मुनि की रेती घाट पर तैनात जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल सक्रिय हुई. जल पुलिस के जवान मोटर बोट लेकर नदी में उतरे और जोखिम भरे अभियान के दौरान एक-एक कर सभी युवकों को सुरक्षित बोट में बैठाकर किनारे ले आए.

एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि समय रहते रेस्क्यू किए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया. उन्होंने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की कि गंगा जैसी तेज बहाव वाली नदियों में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें. रेस्क्यू के बाद सुरक्षित घाट पहुंचने पर चारों युवकों ने राहत की सांस ली और जल पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया. समय पर की गई कार्रवाई से चार युवकों की जान बच गई और एक संभावित दुर्घटना टल गई.  

Input: पंकज भट्ट

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement