बॉलीवुड में जब कोई एक्टर एक तरह का रोल करके हिट हो जाता है, तो वो अगले कुछ समय के लिए वैसे रोल्स करते हुए ज्यादा नजर आता है. ठीक ऐसा ही कुछ बॉबी देओल के साथ हो रहा है. जबसे उनका फिल्मों में कमबैक हुआ है, तबसे वो विलेन या डार्क रोल्स में ज्यादा दिख रहे हैं. उनकी पिछली रिलीज फिल्म जन नायगन में भी उनका विलेन वाला रोल था. आखिरी बॉलीवुड फिल्म अल्फा में वो मेन विलेन थे.
बॉबी को एनिमल और आश्रम जैसे प्रोजेक्ट्स की सक्सेस के बाद, विलेन वाले रोल ज्यादा मिलने लगे हैं. मगर अब एक्टर को भी सिर्फ एक ही तरह का काम करने से एक डर सता रहा है कि कहीं वो 'टाइपकास्ट' ना हो जाएं. हाल ही में उन्होंने जागरण से बातचीत में अपने विलेन वाले रोल्स पर बात की.
विलेन बनकर सताया बॉबी को डर
धर्मेंद्र के बेटे का कहना है कि उन्हें लगातार विलेन के रोल ऑफर हो रहे हैं, लेकिन वो जानबूझकर अपनी इस इमेज से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा- अगर कोई एक्टर किसी खास तरह के किरदार से सफल हो जाता है, तो उसे आगे भी उसी तरह के रोल मिलते रहते हैं. इंडस्ट्री में ऐसा ही होता है.
इसके बाद बॉबी देओल ने न्यूज एजेंसी से बातचीत में अपने एक जैसे रोल्स पर भी टिप्पणी की. उनका कहना है- मैं इस छवि से बाहर निकलने की पूरी कोशिश करता हूं. मैंने अभी ‘बंदर’ नाम की फिल्म की है, जो मेरे पिछले काम से बिल्कुल अलग है. यहां तक कि विलेन के किरदारों में भी कई तरह के रंग और शेड्स होते हैं. मुझे ऐसे अलग-अलग किरदार निभाना पसंद है. मैं कुछ वेब सीरीज भी करने वाला हूं, जो बाकी प्रोजेक्ट्स से काफी अलग होंगी.
फिल्म बंदर में निभाया था अनोखा किरदार
बॉबी की फिल्म बंदर जल्द जी5 ओटीटी पर रिलीज होने वाली है, जिसे अनुराग कश्यप ने डायरेक्ट किया था. फिल्म की बड़ी तारीफ हुई, मगर बॉक्स ऑफिस पर उसे सफलता नहीं मिली. इसमें एक्टर ने एक ऐसे शख्स का रोल निभाया था, जिसपर एक लड़की झूठे केस करती है.
बात करें बॉबी देओल के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की, तो वो जल्द बाबा निराला बनकर दोबारा लौट रहे हैं. प्रकाश झा की सीरीज आश्रम के चौथे सीजन की शूटिंग शुरू हो चुकी है, जिसका लोगों को भी बेसब्री से इंतजार है.