scorecardresearch
 

दरभंगा में पड़ोसियों के विवाद ने लिया खूनी रूप, चाकूबाजी में युवक की मौत, 3 घायल

दरभंगा के खाजासराय मोहल्ले में शनिवार देर रात पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया. चाकूबाजी में दीपू साहनी की मौत हो गई, जबकि उसके भाई समेत कई लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

Advertisement
X
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात.(Photo: Prahalad Kumar/ITG)
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात.(Photo: Prahalad Kumar/ITG)

दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय मोहल्ले में शनिवार देर रात पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान एक पक्ष की ओर से चाकू से हमला किए जाने का आरोप है. वारदात में कई लोग जख्मी हो गए.

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पड़ोसी दीपू साहनी पर लगातार चाकू से वार किए. वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उन्हें भी चोटें आईं. मोहल्ले के लोगों ने आनन-फानन में घायलों को दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया.

यह भी पढ़ें: दरभंगा में शर्मनाक हरकत! मरीज को स्ट्रेचर की जगह गार्ड ने जमीन पर घसीटा- VIDEO

अस्पताल में इलाज के दौरान दीपू साहनी ने दम तोड़ दिया. उसके बड़े भाई दिलीप साहनी के पेट में चाकू लगा है, जबकि विवाद शांत कराने पहुंचे अनिल कुमार मंडल के हाथ और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोटें आई हैं. घटना में तीन लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. घायलों का DMCH में उपचार जारी है.

Advertisement

SSP ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

मामले की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी देर रात खुद घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद उन्होंने DMCH जाकर घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली. SSP ने संबंधित थाना पुलिस से वारदात की पूरी जानकारी ली और मामले की तेजी से जांच करने के निर्देश दिए.

SSP जगुनाथ रेड्डी के मुताबिक, खाजासराय में पड़ोसियों के बीच किसी आपसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था. इसी दौरान चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें कुछ लोग घायल हुए और एक युवक की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि विवाद की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल होने के संदेह में कुछ लोगों को रात में ही हिरासत में लिया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि विवाद की शुरुआत से लेकर चाकूबाजी तक की पूरी कड़ी सामने आ सके. स्थानीय लोगों की ओर से हमलावर की पहचान करण नाम के व्यक्ति के रूप में किए जाने की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

गुस्से के बीच इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

Advertisement

घटना के बाद खाजासराय मोहल्ले में लोगों के बीच काफी गुस्सा है. किसी तरह की दूसरी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रविवार सुबह से ही घटनास्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई. पुलिस लगातार इलाके में कैंप कर रही है और हालात पर नजर रखी जा रही है.

दरभंगा

उधर, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए DMCH भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस घटना की वजह, हमले में शामिल लोगों और पूरे विवाद की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है.

घायल अनिल ने बताया, बीच-बचाव करने पर लगा चाकू

चाकूबाजी में घायल अनिल कुमार मंडल ने बताया कि उसका विवाद से कोई लेना-देना नहीं था. वह रात में अपने घर के अंदर था. जब बाहर मारपीट शुरू हुई तो वह लोगों को अलग कराने के लिए बीच में पहुंचा. इसी दौरान चाकूबाजी शुरू हो गई और वह भी इसकी चपेट में आ गया.

अनिल के मुताबिक, इस घटना में कई लोग घायल हुए और दीपू साहनी की जान चली गई. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement