राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थल बदलने का फैसला लिया है. परेड ग्राउंड में अनुमति रद्द होने के बाद अब ये कार्यक्रम बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होगा. कांग्रेस का कहना है कि ये फैसला छात्रों और अभिभावकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है.
जिलाधिकारी की ओर से परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद मंगलवार देर रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का हुजूम सड़कों पर उतर आया. भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच कांग्रेसी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मैदान के मुख्य गेट पर पहुंचे. वहां पहुंचकर उन्होंने गेट खुलवाने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच काफी नोकझोंक देखने को मिली. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने मैदान में ही धरना दिया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
सरकार के दबाव में रद्द हुई परमिशन
परेड ग्राउंड में धरने के दौरान उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले तीन दिन के लिए अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में सरकार के दबाव में उसे निरस्त कर दिया गया.
घबराई हुई है सरकार
गोदियाल ने दावा किया कि जिस स्थान को सरकारी कार्यक्रम का हवाला देकर रोका गया, वहां वास्तविकता में कोई गतिविधि नहीं चल रही थी. उन्होंने बताया कि मैदान की निर्धारित शुल्क राशि 65 हजार से कहीं ज्यादा 1.77 लाख रुपये जमा किए थे. इसके बावजूद अनुमति वापस ले ली गई है. उनके मुताबिक, ये फैसाल राजनीतिक दबाव में लिया गया है और सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम से घबराई हुई है.
परेड ग्राउंड से पीछे हटी कांग्रेस
सियासी तनातनी और देर रात तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद कांग्रेस आखिरकार परेड ग्राउंड से पीछे हट गई है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्पष्ट किया कि पार्टी परेड ग्राउंड में कार्यक्रम कराने की पूरी स्थिति में थी, लेकिन छात्रों और अभिभावकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अब कार्यक्रम का स्थल बदलने का फैसला लिया गया है. पार्टी चाहती है कि कार्यक्रम में आने वाला हर एक छात्र पूरी तरह सुरक्षित माहौल में शामिल हो और सकुशल अपने घर लौटे.
अब बन्नू स्कूल मैदान में होगा कार्यक्रम
कांग्रेस ने साफ तौर पर ऐलान कर दिया है कि राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम अपनी पूर्व निर्धारित तारीख 17 जुलाई को ही आयोजित किया जाएगा. हालांकि, अब इसका आयोजन परेड ग्राउंड के बजाय देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में किया जाएगा. फिलहाल इस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस अधिकारी कांग्रेस नेताओं से बातचीत कर रहे हैं. इस स्थल परिवर्तन के बाद स्थान को लेकर जारी सियासी विवाद फिलहाल खत्म होता नजर आ रहा है.