उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की अस्थियों का शनिवार को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर पूरे सनातन रीति-रिवाज के साथ मां गंगा में विसर्जन किया गया. तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अस्थि विसर्जन की धार्मिक प्रक्रिया को संपन्न कराया.
प्रतीक यादव का गत 13 मई को लखनऊ में कार्डियो-रेस्पिरेटरी कोलैप्स (फेफड़ों में खून का थक्का जमने) के कारण आकस्मिक निधन हो गया था. शनिवार को प्रतीक यादव की अस्थियों को लेकर उनकी पत्नी व भाजपा नेता अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा और पद्मजा, ससुर अरविंद सिंह बिष्ट और साले अमन सिंह बिष्ट हवाई मार्ग से देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे.
घाट पर विसर्जन
जॉलीग्रांट से परिवार सीधे हरिद्वार के वीआईपी घाट पहुंचा, जहां प्रतीक यादव की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और अस्थियों को गंगा प्रवाह दिया गया।
योगगुरु बाबा रामदेव भी रहे मौजूद
अस्थि विसर्जन के इस बेहद भावुक क्षण में योगगुरु बाबा रामदेव भी विशेष रूप से वीआईपी घाट पर उपस्थित रहे. बाबा रामदेव ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर गंगा की लहरों में अस्थियों का विसर्जन कराया. देखें VIDEO:-
उन्होंने अपर्णा यादव और उनकी बेटियों को ढांढस बंधाया और ईश्वर से इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. इस दौरान नेताजी मुलायम सिंह यादव के कई पुराने समर्थक और कार्यकर्ता भी श्रद्धांजलि अर्पित करने घाट पर मौजूद रहे.
राजनीति से दूर, फिटनेस के शौकीन थे प्रतीक
महज 38 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह देने वाले प्रतीक यादव ने हमेशा खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा. इंग्लैंड की लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA करने वाले प्रतीक लखनऊ में अपना रियल एस्टेट और फिटनेस का व्यवसाय संभालते थे. उनके असामयिक निधन से उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरा शोक है.