उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब कई इलाकों में दिखने लगा है. देहरादून में शनिवार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद विजय कॉलोनी की खाला बस्ती में सुरक्षा दीवार ढहने से 2–3 मकान क्षतिग्रस्त हो गए और एक महिला घायल हो गई, जबकि एहतियातन सात परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया. सूचना मिलते ही प्रशासन, राहत एजेंसियां, जिलाधिकारी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया. वहीं, उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में खीर गंगा का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट पर है. लोगों को नदी-नालों के किनारे न जाने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
चमोली जिले से एक दुखद हादसा सामने आया. नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बारिश के कारण एक सुरक्षा दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आने से प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी (45) गंभीर रूप से घायल हो गए. अस्पताल कर्मियों ने उन्हें तत्काल मलबे से निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद उप चिकित्सालय कर्णप्रयाग रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. डॉ. नवीन डिमरी मूल रूप से गोपेश्वर क्षेत्र के देवलधार गांव के निवासी थे और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में प्रभारी के पद पर तैनात थे.
24 घंटों के दौरान इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा देहरादून जिले के मसूरी में 75 मिमी रिकॉर्ड की गई, जबकि मालदेवता में 71.5 मिमी बारिश हुई. नैनीताल जिले के कालाढूंगी में 66.5 मिमी, पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग में 66.5 मिमी, देहरादून जिले के कालसी में 66 मिमी, देहरादून के हाथीबड़कला में 54.5 मिमी, पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट में 47.5 मिमी, रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ में 42.5 मिमी, टिहरी जिले के कीर्तिनगर में 38 मिमी, देहरादून शहर में 37 मिमी, बागेश्वर जिले के कांडा में 34.5 मिमी, नैनीताल जिले के रामनगर में 33.5 मिमी तथा रुद्रप्रयाग में 33 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा ऊधमसिंह नगर, चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चंपावत और हरिद्वार के कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई.
पिछले तीन घंटों के दौरान भी कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहा. सबसे अधिक रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ में 15.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा नैनीताल जिले के हल्द्वानी में 6 मिमी, ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में 6 मिमी, काशीपुर में 4.5 मिमी, देहरादून के सोंग क्षेत्र में 4.5 मिमी, ऊधमसिंह नगर के किच्छा में 4.5 मिमी, सुल्तानपुर पट्टी में 3.5 मिमी, कालाढूंगी में 3 मिमी, नैनीताल में 2 मिमी, भीमताल में 1.5 मिमी, चोरगलिया में 1.5 मिमी, खटीमा में 1.5 मिमी और रुद्रपुर में 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ में कहीं कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.