शादी के सपने पूरे करने के लिए एक कपल ने चोरी का रास्ता चुना. मामला हैदराबाद का है, जहां एक कपल ने मंदिर में काम कर रही 60 साल की महिला को निशाना बनाया. आरोप है कि मदद करने के बहाने से महिला के पास युवक-युवती पहुंचे और उससे सोने की चेन छीन कर बाइक से फरार हो गए. पुलिस ने CCTV फुटेज और दूसरी जानकारियों की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
वनस्थलीपुरम इलाके में स्थित श्री राजेश्वरी मंदिर में 60 साल की महिला रामुलम्मा काम कर रही थीं, उस समय वह अकेली थीं. इसी दौरान एक युवक और युवती उनके पास पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने महिला की मदद करने का बहाना बनाया. फिर उनका मुंह दबाकर गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन छीन ली. वारदात के बाद दोनों दोपहिया वाहन से मौके से भाग निकले.
पुलिस ने आरोपियों की पहचान आंध्र प्रदेश के माचेर्ला इलाके के 23 वर्षीय दुर्गा रमना रेड्डी और काकीनाडा क्षेत्र की 24 वर्षीय टेंका वरलक्ष्मी के रूप में की है. पुलिस के मुताबिक, दोनों करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे. हालांकि, पैसों की कमी उनके सामने परेशानी बनी हुई थी.
जांच में सामने आया कि दोनों ने मंदिर की गतिविधियों पर नजर रखी थी. उन्हें पता था कि सुबह जल्दी वहां लोगों की आवाजाही कम रहती है. इसी का फायदा उठाकर उन्होंने बुजुर्ग महिला को निशाना बनाने की योजना बनाई.
यह भी पढ़ें: पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या... हापुड़ की फ्लोर मिल में हुई खौफनाक वारदात, जानिए क्या है पूरा मामला
CCTV से पहचान के बाद हुई गिरफ्तारी
वारदात के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और आरोपियों की आवाजाही का पता लगाया. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दोनों को 20 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे कमलानायक के पास पकड़ लिया गया.
पुलिस ने महिलाओं, खासकर अकेले आने-जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है.अधिकारियों के मुताबिक, सुनसान जगहों पर सोने के गहने पहनकर जाते समय सावधानी बरतनी चाहिए. इलाके में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की गश्त और अपराध रोकने वाली टीमों की निगरानी जारी रहेगी. फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है.