केरल के सबरीमाला मंदिर में इस समय सालाना तीर्थयात्रा चल रही है. केरल के आसपास के राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीअयप्पा का दर्शन करने जा रहे हैं. ऐसे ही 13 श्रद्धालुओं की एक टोली आंध्र प्रदेश के तिरुमला से केरल के सबरीमाला मंदिर की यात्रा पर नंगे पैर पैदल निकली है. यह यात्रा करीब 550 किलोमीटर की होगी. अब तक इन्होंने 480 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर ली है. हैरान करने वाली बात ये है कि इस टोली के साथ एक कुत्ता भी तीर्थयात्रा कर रहा है. यह कुत्ता अपने आप ही इस टोली के साथ चल रहा है. इस टोली के सदस्यों में से कोई भी यात्री इसका मालिक नहीं है.
Karnataka: A stray dog has been following a group of 13 Ayyappa devotees, who are on a pilgrimage to Kerala's Sabarimala & has walked 480 km so far. The devotees started from Andhra Pradesh's Tirumala on Oct 31 & have reached Chikkamagaluru dist's Kottigehara now. (17.11)
— ANI (@ANI)
इस टोली का नेतृत्व कर रहे राजेश गुरुस्वामी ने बताया कि उनकी टोली ने 31 अक्टूबर को तिरुमला से तीर्थयात्रा शुरू की. हम लगातार चलते रहे. हमने सबसे पहले इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि हमारे साथ यह कुत्ता भी चल रहा है. पहले लगा कि कुछ दूर चलने के बाद वह चला जाएगा. लेकिन उसने अपनी यात्रा जारी रखी है. अब हमारे साथ-साथ उस कुत्ते ने भी 480 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर ली है. कुत्ते के पैर में चोट भी लगी है. थोड़ा लंगड़ा भी रहा है लेकिन इस टोली के साथ चला जा रहा है.
राजेश गुरुस्वामी ने बताया कि अब तक की पूरी यात्रा के दौरान इस कुत्ते के पैरों में दो बार चोट भी लगी. हमने उसे रास्ते में मौजूद कुछ स्थानीय पशु विशेषज्ञों को दिखाया. इलाज के बाद हम फिर आगे बढ़े. हमने सोचा कि अब यह कुत्ता आगे नहीं जाएगा. लेकिन, पैर में चोट के बावजूद कुत्ता हमारे साथ चलता रहा. हम रास्ते में अपने लिए जो भी खाना पकाते हैं वह उस कुत्ते को भी देते हैं. यह बड़े चाव से उसे खाता है. इस कुत्ते के गले में पट्टा है. यह बेहद शर्मीला है.
राजेश गुरुस्वामी ने बताया कि हम हर साल यह यात्रा पैदल ही करते हैं. लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है जब यह कुत्ता हमारे साथ इतनी दूरी तय कर चुका है. यह अपने आप में एक नए तरह का अनुभव है. इस कुत्ते का वीडियो, फोटो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.