भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करके सियासत में आए अरविंद केजरीवाल दूसरी बार दिल्ली का सीएम बनने के बाद अब इस दिशा के बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं.
दिल्ली में सरकार गठन के करीब 50 दिन बाद अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर शुरू करने जा रहे हैं. इसके आगाज के साथ ही दिल्लीवासी अपनी शिकायतें इस माध्यम से दर्ज करा सकेंगे. आरोप साबित होने पर भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकेगी.
एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर 1031 पहले ही तय हो चुका है. रविवार को इसकी शुरुआत हो जाएगी, तब पब्लिक इस पर शिकायतें दर्ज करा सकेगी. इस मौके पर मुख्यमंत्री केजरीवाल के अलावा उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और कई अधिकारी मौजूद रहेंगे.
बहरहाल, अगर नया सिस्टम कामयाब रहता है और भ्रष्टाचार में कमी आती है, तो सीएम अरविंद केजरीवाल का पब्लिक से किया गया एक बड़ा वादा पूरा हो जाएगा.