scorecardresearch
 

Newswrap:'सबूत मांगते हैं, भेज दो पाकिस्तान', पढ़ें सोमवार शाम की 5 बड़ी खबरें...

पंकजा मुंडे ने कहा कि ये लोग आर्मी पर शक कर रहे हैं. ऐसे लोगों को चाहिए कि जिस तरह से सीमा पर हमारे जवान संघर्ष कर रहे हैं उसी तरह लोकतंत्र के सिपाही के रूप में आपको भी लड़ना चाहिए.

Advertisement
X
सर्जिकल स्ट्राइक (प्रतीकात्मक फोटो)
सर्जिकल स्ट्राइक (प्रतीकात्मक फोटो)

रविवार को महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष राव साहेब दानवे की एक सभा में पंकजा मुंडे ने कहा कि हमने अपने सैनिकों पर कायराना हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक किया, वे पूछते हैं कि सर्जिकल स्ट्राइक कहां हुआ, मैं कहती हूं राहुल गांधी के गले में बम बांध दो, और उसे वहां भेज दो. इसके अलावा बीजेपी सांसद उदित राज ने ट्वीट कर नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने लिखा कि उम्मीद करता हूं कि बीजेपी दलितों को धोखा नहीं देगी...एक क्लिक में पढ़ें, सोमवार शाम की सभी बड़ी खबरें...

1. सबूत मांगते हैं राहुल गांधी, इनके गले में बम बांधकर पाकिस्तान भेज दो: पंकजा मुंडे

बीजेपी नेता पंकजा मुंडे ने कहा है कि सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले राहुल गांधी के गले में बम बांधकर पाकिस्तान भेज देना चाहिए. महाराष्ट्र के जालना में एक कार्यक्रम में पंकजा मुंडे ने कहा कि आजकल कोई भी खड़ा होता है और नरेंद्र मोदी से सवाल करने लगता है कि सर्जिकल स्ट्राइक कहां हुआ, कितने लोग मरे?

Advertisement

2. सांसद उदित राज हुए नाराज, टिकट न मिलने पर बीजेपी को दी डेडलाइन

लोकसभा चुनाव-2019 में दिल्ली के उत्तर-पश्चिम दिल्ली सीट पर सियासत गरमा गई है. इस सीट से बीजेपी सांसद उदित राज ने ट्वीट करके नाराजगी जाहिर की है. उदित राज ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष मनोज तिवारी का जिक्र किया है. दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में उत्तर-पश्चिम सीट रिजर्व है. रविवार को बीजेपी ने दिल्ली की चार सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था. इसमें उत्तर-पश्चिम दिल्ली की सीट शामिल नहीं थी. इस सीट से कांग्रेस ने राजेश लिलौटिया को मैदान में उतारा है. वहीं आम आदमी पार्टी ने गुग्गन सिंह रंगा को टिकट दिया है.

3. पुलवामा हमलाः जिम्मेदारी लेने वाले आतंकियों को सेना ने चुन-चुनकर मारा

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमले के बाद सेना ने आतंकियों को चुन-चुनकर मारा है. सेना ने पुलवामा आतंकी हमले की जिम्मेदारी लेने वाले आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के टॉप कमांडरों का सफाया कर दिया है. सेना के सूत्रों ने ये जानकारी दी है. इस साल सेना ने जम्मू-कश्मीर में अबतक 66 आतंकियों को मार गिराया है. इनमें से 27 आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के हैं. इनमें से पुलवामा हमले के बाद 19 आतंकियों को सेना ने ढेर किया है. सेना से मिली जानकारी के मुताबिक पुलवामा हमले के मात्र 45 दिनों के बाद हमले में शामिल जैश का सफाया कर दिया गया है.

Advertisement

4. हैदराबाद में 12 मई को होगा IPL फाइनल, इस वजह से छिनी चेन्नई की मेजबानी

IPL-2019 के 12वें संस्करण का फाइनल 12 मई को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. तमिलनाडु क्रिकेट संघ  (TNCA) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम के तीन स्टैंड्स (I, J, K) खोलने की अनुमति नहीं मिलने के बाद यह फैसला किया गया. चेन्नई अब क्वालिफायर-1 की मेजबानी करेगा, जबकि विशाखापत्तनम में एलिमिनेटर और क्वालिफायर-2 खेला जाएगा. चेन्नई सुपर किंग्स पिछले आईपीएल सीजन की विजेता टीम है.

5. रोहित के कत्ल की वजह संपत्ति तो नहीं, पुलिस कर रही है जांच

यूपी-उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके दिवंगत एनडी तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी की हत्या का मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने इस मामले में रोहित की पत्नी अपूर्वा और घर के दो नौकरों अखिलेश और गोलू को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था. लेकिन अभी तक कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लग पाया है. पुलिस के शक की सुई अपूर्वा की तरफ घूम रही है. हालांकि पुलिस संपत्ति विवाद को लेकर भी जांच में जुटी है.

Advertisement
Advertisement