scorecardresearch
 

'ऐसे अपराधियों को गोली मारो', भोंदु बाबा और परतवाड़ा सेक्स स्कैंडल पर BJP नेता नवनीत राणा का बड़ा बयान

महाराष्ट्र में नासिक ‘भोंदु बाबा’ प्रकरण और परतवाड़ा सेक्स स्कैंडल को लेकर बीजेपी नेता नवनीत राणा ने सख्त बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को गोली मार देनी चाहिए. उनके इस बयान से सियासत गरमा गई है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आगे बड़े खुलासों की उम्मीद है.

Advertisement
X
बीजेपी नेता नवनीत राणा (Photo: Screengrab)
बीजेपी नेता नवनीत राणा (Photo: Screengrab)

महाराष्ट्र में हाल के दिनों में सामने आए दो बड़े मामलों को लेकर सियासत तेज हो गई है. नासिक के कथित भोंदु बाबा प्रकरण और अमरावती जिले के परतवाड़ा सेक्स स्कैंडल ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है. इसी बीच बीजेपी नेता नवनीत राणा के एक बयान ने नई बहस छेड़ दी है. इन दोनों मामलों को लेकर नवनीत राणा ने कड़ा रुख अपनाया है. आज तक से बातचीत में उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि इस तरह के संगठित अपराध चलाने वाले और महिलाओं पर अत्याचार करने वाले लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

अपने बयान में नवनीत राणा ने कहा कि ऐसे अपराधियों के लिए किसी भी तरह की नरमी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि ऐसे लोगों को गोली से उड़ा देना चाहिए और इनके लिए दूसरी कोई सजा नहीं होनी चाहिए. उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है. नवनीत राणा ने यह भी कहा कि सिर्फ आरोपियों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और परिवार की भी जांच होनी चाहिए. उनका मानना है कि जब तक पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस तरह के अपराधों पर पूरी तरह लगाम नहीं लगाई जा सकती.

महिलाओं के शोषण पर जताई नाराजगी, तेजी से कार्रवाई की मांग

परतवाड़ा सेक्स स्कैंडल को लेकर उन्होंने इसे बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला बताया. उन्होंने कहा कि इस मामले में युवतियों का शोषण किया गया और उनके वीडियो बनाकर वायरल किए गए. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में तेजी से कार्रवाई की जाए, सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए.

Advertisement

नासिक के कथित भोंदु बाबा प्रकरण पर भी उन्होंने सख्त टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि फर्जी धार्मिक और कॉरपोरेट ढांचे के जरिए लोगों को ठगने वालों के खिलाफ कड़े कानून के तहत कार्रवाई जरूरी है. उनका कहना था कि ऐसे मामलों में ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए. हालांकि, उनके इस बयान को लेकर विवाद बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है. ‘एनकाउंटर’ जैसी सजा की मांग को लेकर पहले भी कई बार बहस हो चुकी है. ऐसे में विपक्ष इस बयान को मुद्दा बनाकर बीजेपी पर निशाना साध सकता है.

इस पूरे मामले में एक और राजनीतिक पहलू भी सामने आया है. महिला आरक्षण बिल को लेकर विरोधियों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी नवनीत राणा ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए. आज तक के संवाददाता धनंजय साबले से बातचीत में उन्होंने अपने विचार स्पष्ट रूप से रखे. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए. फिलहाल, नासिक ‘भोंदु बाबा’ प्रकरण और परतवाड़ा सेक्स स्कैंडल दोनों ही मामलों में पुलिस जांच जारी है.

परतवाड़ा केस में पीड़ितों को न्याय दिलाने की उठी मांग

जांच एजेंसियां सबूत जुटाने और आरोपियों तक पहुंचने में लगी हुई हैं. आने वाले दिनों में इन मामलों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है. इस बीच, नवनीत राणा का बयान सियासी और सामाजिक दोनों स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है. एक तरफ उनके समर्थक इसे सख्त कार्रवाई की मांग के रूप में देख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके बयान पर सवाल भी उठ रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement