scorecardresearch
 

दंगों के बाद सवर्ण लड़की ने पति का साथ छोड़ा, दलित पति का शव मिला

तमिलनाडु के धर्मापुरी जिले के तीन गांवों में जिस दलित युवक और सवर्ण लड़की के विवाह के कारण दंगे भड़के थे, बुधवार को उस युवक का शव चेन्‍नई में रेलवे ट्रैक के पास मिला.

Advertisement
X
Ilavarasan and Divya
Ilavarasan and Divya

तमिलनाडु के धर्मापुरी जिले के तीन गांवों में जिस दलित युवक और सवर्ण लड़की के विवाह के कारण दंगे भड़के थे, बुधवार को उस युवक का शव चेन्‍नई में रेलवे ट्रैक के पास मिला. दोनों ने पिछले वर्ष नवंबर में विवाह किया था. इस मामले में लड़की ने मंगलवार को ही कहा था कि वह कभी अपने पति के पास वापस नहीं जाएगी और अपनी मां के पास रहेगी.

रेलवे पुलिस ने बताया कि युवक का शव धर्मापुरी में सरकारी आर्ट्स कॉलेज के पीछे रेलवे ट्रैक के पास मिला. युवक की मौत की खबर के बाद से नइकेनकोट्टाई के दलित इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति है. कई लोगों ने सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पर पथराव भी किया. युवक का शव यहीं रखा गया है.

धर्मापुरी के पुलिस अधीक्षक अश्र गर्ग ने कहा कि रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी. नइकेनकोट्टाई के संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात की गई है.

इस मामले की लड़की दिव्या ने मंगलवार को मद्रास हाई कोर्ट में पेश होने के बाद संवाददाताओं से कहा था कि वह लगातार भारी दबाव में थी और यह भूलने में असमर्थ थी कि उसके विवाह के बाद पिता ने आत्महत्या कर ली थी. उसने यह भी कहा था कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती, वह अपनी मां के साथ रहना चाहती है.

Advertisement

न्यायमूर्ति एम. जयचन्द्रन और एम. सुन्दरेश ने इस मामले में फैसला शुक्रवार तक के लिए सुरक्षित रख लिया था. दिव्या ने एक जुलाई को अदालत से कहा था कि वह ‘कुछ वक्त के लिए’ अपनी मां के साथ चली जाएगी. उसने यह भी कहा था कि उसे अपने पति के घर पर अपने ससुराल वालों से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन वह अपने पिता की मौत के कारण सदमे में है.

पिछले वर्ष हुए इस विवाह का दिव्या की मां ने भी विरोध किया था. विवाह के बाद धर्मापुरी जिले के नथाम, कोंडमपट्टी और अन्नानगर इलाके में हुई हिंसा में दलितों की करीब 296 झोपड़ियों में आग लगा दी गई थी. घटना के बाद सात नवंबर को दिव्या के पिता ने आत्महत्या कर ली थी. पुलिस ने बताया कि युवक की मौत के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए धर्मापुरी में निषेधाज्ञा लगा दी गई है.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement