नाग दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक है. जिसका एक बूंद जहर ही जिंदगी खत्म करने के लिए काफी है. लेकिन आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि मुंबई पुलिस ने नाग का एक लीटर जहर बरामद किया है. नाग के जहर को एक लीटर के बोतल में रखा गया था. इस एक लीटर जहर की कीमत है करीब 4 करोड़ रुपये. इस जहर को दिल्ली से मुंबई लाया जा रहा था. इस नाग के जहर का इस्तेमाल ड्रग्स बनाने के लिए किया जाना था.
मुंबई पुलिस के इंस्पेक्टर तुकाराम अडवटकर ने बताया, ‘हमने उसके पास से एक बिसलेरी की बॉटल में तकरीबन 1 लीटर नाग के जहर को जब्त किया है. नाग के 1 मिलीलीटर जहर की कीमत 40 हजार रुपये होती है उस हिसाब से ये व्यक्ति तकरीबन 4 करोड़ का जहर लेकर आया था. वो किसी को डिलीवर करनेवाला था जिसके बदले इसे 60 हजार रुपये मिलते.
38 साल का नईम बख्शी तकरीबन 4 करोड़ के नाग के जहर को दिल्ली से मुंबई तक लाने के लिए ट्रेन से रवाना हुआ. लेकिन मुंबई को इसकी खबर पहले ही लग चुकी थी और जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि नईम खुद को बेगुनाह बता रहा है.
नईम का कहना है, ‘मैं तो व्यापारी हूं. पहली बार मुंबई आया था. मेरा एक दोस्त है दिल्ली में गोवर्घन पुरोहित, उसने कहा कि ये एक दवा है जो मुबई में कादर नाम का एक आदमी मिलेगा उसे देनी है. उसे ये दवा देने के बाद मुझे फोन करना. पैसे लेने देने की कोई बात ही नही हुई. मैं बेकसूर हूं.’
पुलिस अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नईम के पास 4 करोड़ की कीमत का नाग का 1 लीटर जहर आया कहां से.